
Ranchi: छत्तीसगढ़, राजस्थान सहित मध्यप्रदेश विधानसभा में मिली जीत पर कांग्रेस बहुत ही उत्साहित है. विधानसभा चुनावों में मिली जीत के जैसे 2019 चुनाव में कांग्रेसी नेताओं के द्वारा दावे किये जा रहे हैं. वहीं दूसरी ओर बीजेपी कांग्रेस की जीत को आसानी से नहीं पचा पा रहा है. बीजेपी को अपनी हार से ज्यादा नॉर्थ में कांग्रेस की हार पर ज्यादा खुशी है. जीत पर कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने भाजपा पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा है कि धर्म-जाति की राजनीति कर मूर्ख बनाया जा सकता है, जीत नहीं सकते. उन्होंने इस जीत को देश की जनता का जीत बताया है. न्यूज विंग से बातचीत में उन्होंने कहा है कि भाजपा की तरह कांग्रेस पार्टी जात-पात, धर्म विशेष की राजनीति नहीं करती है. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने जिस तरह से जुमलेवाली भाजपा सरकार के खिलाफ जनता के समक्ष अपनी बात को रखने का काम किया है, उसी का परिणाम है कि पार्टी तीनों राज्यों में सरकार बनाने जा रही है.
जनता-जनार्दन के दिए आदेश को हम स्वीकार करते हैः बीजेपी
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता दीनदयाल बरनवाल ने पांच राज्यों के चुनाव के नतीजे पर कहा कि जनता-जनार्दन है जनार्दन के दिये आदेश को हम स्वीकार करते हैं . भविष्य में और भी ज्यादा उत्साह के साथ जनता की सेवा करेंगे ऐसा भारतीय जनता पार्टी का मानना है. श्री बरनवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अपेक्षाकृत हमें कम मत मिले हैं. डॉ रमन सिंह जी ने 15 सालों तक जो छत्तीसगढ़ में और आदरणीय शिवराज सिंह चौहान जी ने मध्य प्रदेश में बेहतर सेवा की जिसके कारण ही हम 15 सालों तक जनता के उम्मीदों पर खरा उतरे.

उन्होंने कहा कि राजस्थान का ट्रेंड है हर 5 साल में सरकार बदलती है. कांग्रेस वोटर्स को कंफ्यूज करने में कामयाब हुई, जिसका खामियाजा हमें हुआ. 60 सालों तक कांग्रेस जनता को कंफ्यूज करते रही और देश को गर्त मे ले गयी. अब दोबारा फिर से कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव मे वोटर्स को एक बार फिर से कंफ्यूज करने में कामयाब हो गई. भविष्य में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता दोगुनी गति से जनता की सेवा में लगे रहेंगे ताकि कांग्रेस आने वाले कल में जनता को बरगला ना सके.
चौकीदार को दिखाया बाहर का रास्ता
वहीं आलमगीर आलम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने देश की जनता को लूटने और धोखा देने का काम किया है. कांग्रेस शुरू से कहती रही है कि देश का चौकीदार ही पूरी तरह से चोर है. विधानसभा चुनाव के रूझानों से यह साबित हो गया है कि इन तीन राज्यों से जनता ने चौकीदार को बाहर का रास्ता दिखा दिया है. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व क्षमता पर भरोसा करते हुए कहा कि अपने चार साल के कार्यकाल में भाजपा ने जहां किसानों, नौजवानों, गरीबों आदि को छलने का काम किया. तो वहीं कांग्रेस अध्यक्ष ने जनता के बीच अपनी बात को पूरी ईमानदारी के साथ रखा.
अधिक ऊर्जावान होकर लड़ेगें लोकसभा चुनाव
विधानसभा चुनाव परिणामों का 2019 के चुनाव में पड़ने वाले प्रभाव की चर्चा करते हुए कांग्रेसी नेता ने कहा कि इससे पूरे देश के कांग्रेसी कार्यकर्ता में सकारात्मक प्रभाव पड़ा है. अब वे और अधिक ऊर्जावान होकर लोकसभा चुनाव की तैयारी करेंगे. उन्होंने कहा कि इस परिणाम के बाद अब कांग्रेस पार्टी कोलेबिरा उपचुनाव में भी भाजपा को करारी शिकस्त देगी. प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में कार्यकर्ता काफी मजबूत स्थिति में है. पार्टी एक टीम वर्क की तरह कार्य कर रही है. जिसका परिणाम राज्य में आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव के बाद दिखने को मिलेगा.
इसे भी पढ़ें: हाई कोर्ट ने अस्थाना से जुड़े मामले में सना की याचिका पर सीबीआई से जवाब मांगा




