
Ranchi: झारखंड राज्य युवा आयोग ने राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों—सीता जलप्रपात, जोन्हा-हिरनी जलप्रपात, पंचघाघ, रिमिक्स स्थल, दशम व हुंडरू जलप्रपात—पर नशापान और इससे होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से व्यापक अभियान चलाने का निर्णय लिया है। आयोग ने इसके लिए 07 दिसंबर 2025 से 25 जनवरी 2026 तक कई चरणों में कार्यक्रमों की औपचारिक स्वीकृति जारी कर दी है।
प्रमुख पर्यटन स्थलों को चुना गया केंद्र
पर्यटन सीज़न में बड़ी संख्या में आने वाले पर्यटकों तक संदेश पहुंचाने के लिए सभी कार्यक्रम जलप्रपातों के प्रवेश या निकास बिंदु पर आयोजित होंगे। आयोजनों का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। सुरक्षा एवं परिवहन कारणों से अधिकतम एक घंटे की छूट भी दी जाएगी।
07 दिसंबर से 25 जनवरी तक चलेगा अभियान
शिक्षा विकास समिति (ज्वलित विहार, बरियातु), डोरंडा स्थित संस्था, और अविष्कार फाउंडेशन, रातू रोड को अलग-अलग तिथियों पर कार्यक्रम आयोजित करने की जिम्मेदारी दी गई है। यह अभियान दिसंबर के हर सप्ताहांत और जनवरी के निर्धारित दिनों पर विभिन्न जलप्रपातों में चलेगा।
नुक्कड़ नाटक और लाइव परफॉर्मेंस होंगे आकर्षण
अभियान के दौरान नुक्कड़ नाटक, लाइव परफॉर्मेंस, रैली, स्थानीय भाषाओं में गीत, प्री-रिकॉर्डेड संदेश और दर्शकों की सहभागिता पर विशेष जोर रहेगा। नुक्कड़ नाटक प्रतिदिन 2 घंटे तक होगा, जिसे 15-15 मिनट के छोटे-छोटे शिफ्ट में प्रस्तुत किया जाएगा।
आयोग देगा सामग्री, संस्था करेगी संचालन
युवा आयोग द्वारा गजीबो/कैनोपी, बैकड्रॉप, स्टैंडी, प्लेज कार्ड, सिग्नेचर स्टैंडी और आवश्यक स्टेशनरी उपलब्ध कराई जाएगी।आयोजनकर्ता संस्थाओं को कलाकार, वालंटियर, परिवहन, भोजन, माइक, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की व्यवस्था खुद करनी होगी।प्रति आयोजन ₹24,500 की सीमा निर्धारित की गई है। आयोजनों में युवा कलाकारों और वालंटियर्स को प्राथमिकता दी जाएगी।
सुरक्षा मानक सर्वोच्च, दुर्घटना की जिम्मेदारी संस्था पर
जलप्रपात क्षेत्र में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन अनिवार्य होगा।
स्थानीय पर्यटक मित्रों के साथ समन्वय रखना आवश्यक है और किसी भी दुर्घटना की पूरी जिम्मेदारी आयोजनकर्ता संस्था की होगी। विभाग/आयोग द्वारा औचक निरीक्षण भी किया जा सकता है, जिसके आधार पर भुगतान में कटौती या कार्रवाई संभव है।
जियो-टैग फोटो-वीडियो भेजना अनिवार्य
सभी कार्यक्रमों की जियो-टैग्ड फोटो और वीडियो अधिकृत व्हाट्सऐप समूह में साझा किए जाएंगे। सप्ताह समाप्ति पर डायरी, विपत्र एवं मीडिया सामग्री युवा आयोग को भेजनी अनिवार्य होगी।




