
Ranchi: राजधानी रांची में शनिवार से शुरू हुई बारिश रविवार को भी जारी है. मौसम विभाग की मानें तो राजधानी में रुक-रुक कर बारिश से 20 नवंबर तक निजात नहीं मिलने वाली है. शनिवार को 19 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गयी. वहीं रविवार को तीन घंटे तक 31.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गयी है. मौसम विभाग के अनुसार 15,16,18,19 व 20 नवंबर को भी बादल छाये रहेंगे. 17 नवंबर को मौसम साफ रहने की उम्मीद है.
पिछले 24 घंटों से जारी बारिश के कारण शहर का जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है. बारिश से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बारिश की वजह से रोज कमाने-खाने वाले लोगों को ज्यादा परेशानी हो रही है. बारिश की वजह से हाट बाजार में भी भीड़ कम रही. कारोबार भी प्रभावित हो रहा है. बारिश के कारण विमान भी प्रभावित रहा. कई विमान का रूट डायवर्ट करना पड़ा.
इसे भी पढ़ेंःविभागीय उदासीनता से 11 जिलों के 1366 शिक्षकों के भविष्य पर संकट, आदेश के बाद भी परिणाम प्रकाशित नहीं
आज सुबह पांच बजे तक 60 मिमी से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड
कल से आज सुबह पांच बजे तक रांची में 60 मिमी से ज्यादा बारिश रिकार्ड की गई है. मौसम विभाग के अनुसार रांची में आज भी दिनभर बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही दिन में एक से दो बार हल्के मेघ गर्जन की भी संभावना है. कल से जारी बारिश के कारण शहर के अधिकतम तापमान में करीब सात डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है
इन जिलों में बारिश होते रहने की संभावना
रविवार को मौसम विभाग द्वारा रिपोर्ट के अनुसार राज्य के मध्य भाग रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी व रामगढ़, जबकि दक्षिणी भाग के पूर्वी सिंहभूम व पश्चिमी सिंहभूम के अतिरिक्त सिमडेगा, सरायकेला खरसांवां के साथ साथ उत्तर पूर्वी हिस्से के देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ व साहेबगंज में बारिश होते रहने की संभावना है.
इसे भी पढ़ेंःझारखंड: 21 वें स्थापना दिवस समारोह से 600 शिक्षकों को नौकरी, 520 करोड़ से अधिक की सड़क योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास
मौसम खराब होने की वजह
तमिलनाडु में आये विक्षोभ का असर झारखंड में भी दिख रहा है. बारिश के कारण पावर ट्रिपिंग की समस्या भी उत्पन्न हो गयी है. शनिवार को दिन भर बिजली की आंख मिचौली लगी रही.




