Kumar Gaurav
Ranchi : झारखंड के युवाओं ने सरकार से रोजगार मांगने के लिए अभियान की शुरुआत की है. जो ट्वीटर पर लगातार ट्रेंड कर रहा है. #conductjpscjssc वर्ल्ड वाइड ट्रेंड कर चुका है. सरकारी नौकरी का सपना लिये झारखंड के कई छात्र वर्षों से तैयारी कर रहे हैं. पर झारखंड में सरकारी नियुक्ति नहीं हो रही है. जो नियुक्तियां निकली थीं उनमें से कई परीक्षाएं हुई ही नहीं हैं. कई परीक्षा होने के बाद भी रिजल्ट जारी नहीं किया गया है. जिन परीक्षाओं के रिजल्ट जारी किये गये हैं, उनको ज्वाइनिंग नहीं दी गयी है. राज्य में जूनियर इंजीनियरों के लिए पिछले 6 सालों से एक भी नियुक्ति नहीं निकली है. छात्रों का कहना है कि उन्होंने ठान लिया है कि सरकार को जगा कर रहेंगे. उनका कहना है कि जब तक सरकार जेपीएससी और जेएसससी से होनेवाली नयी भर्तियों का विज्ञापन, स्नातक स्तरीय परीक्षा की परीक्षा तिथि, पंचायत सचिव, एक्साइज कांस्टेबल, स्पेशल ब्रांच कांस्टेबल नियुक्ति के पेंडिंग पड़े हुए रिजल्ट को जारी नहीं करती वे चुप नहीं रहेंगे. छात्रों के द्वारा वर्तमान में #HemantSarkarRojgarDo के माध्यम से नौकरी की मांग चल रही है, जो लगातार ट्रेंड में बना हुआ है.
इसे भी पढ़ें – बैंक अधिकारियों की मिलीभगत से हो रहा गबन! जानिये झारखंड के चर्चित बैंक घोटाला
हेमंत सरकार के 9 महीनों में नियुक्ति के लिए नहीं निकला है एक भी विज्ञापन
जेटेट 2013 और 16 के पास किये अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्र की वैधता समाप्ति की कगार पर है. छात्रों का कहना है कि सरकार चैन की नींद सो रही है. 6 साल हो गये पर अभी तक झारखंड में जूनियर इंजीनियर और डिप्लोमा स्तर की एक भी नियुक्ति नहीं करा सकी है. छात्रों ने सरकार पर आरोप लगाया है कि 5 लाख रोजगार प्रतिवर्ष देने के वादे के साथ आयी सरकार ने 9 महीने में नियुक्ति का एक भी विज्ञापन नहीं निकाला है. इसका विरोध भी छात्र ट्वीटर और फेसबुक के माध्यम में करेंगे.
छात्रों ने देशभर में ट्रेंड कराया था #speakupforsscrailway रेलवे
वर्तमान में रोजगार को लेकर देशभर के युवा आगे आ रहे हैं. इससे पहले भी सरकार ने #speakupforsscrailway ट्रेंड कराया था. जिसके बाद एसएससी और रेलवे को स्टूडेंट्स के आगे झुकना पड़ा. एसएससी और रेलवे ने अपने अपने कैलेंडर तुरंत जारी कर दिये थे. रेलवे ने परीक्षा तिथि भी जारी कर दिया साथ ही एएलपी के ज्वाइनिंग की प्रक्रिया भी चालू कर दी है. वहीं एसएससी ने विभिन्न नियुक्तियों के लिए संभावित तिथि जारी कर दी है. इसके अलावा कई राज्यों जैसे बिहार यूपी हरियाणा राजस्थान मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ आदि राज्यों ने भी परीक्षा की संभावित तिथि घोषित की.
इसे भी पढ़ें – DRDO को बड़ी सफलता: भारत ने हासिल की हाइपरसोनिक टेक्नोलॉजी, मिसाइल की स्पीड आवाज की गति से छह गुना ज्यादा




