
Ranchi: कैबिनेट सचिवालय और विजिलेंस डिपार्टमेंट (सिविल एविएशन डिवीजन) झारखंड ने किराये पर एयरक्राफ्ट सेवाएं लेने की तैयारी की है. ट्विन-मल्टी इंजन जेट या टर्बोप्रॉप एयरक्राफ्ट सेवाएं लेने के संबंध में EOI (Expression of Interest) भी जारी कर दिया है. विजिलेंस डिपार्टमेंट (सिविल एविएशन डिपार्टमेंट) के डायरेक्टर (ऑपरेशंस) कैप्टन एस पी सिन्हा ने इस संबंध में EOI जारी करते हुए कहा है कि जो भी सूचीबद्ध (इनपैनल्ड) एजेंसी, संस्था किराये पर एयरक्राफ्ट सेवाएं देने को तैयार हों, वे इसके लिये आवेदन कर सकते हैं. चयनित पार्टी से समय-समय पर आवश्यकतानुसार सेवाएं ली जायेंगी.
इसे भी पढ़ें – गया: आपसी विवाद में पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट
इन तारीखों का रखना होगा ध्यान
विजिलेंस डिपार्टमेंट द्वारा जारी EOI की सूचना के मुताबिक इच्छुक पार्टी www.jharkhandtenders.gov.in की मदद लें. 7 अप्रैल से EOI के लिये आवेदन करना होगा. 19 अप्रैल को शाम 6 बजे तक बिड जमा किये जा सकेंगे. 21 अप्रैल को बिड खोला जायेगा. जरूरी जानकारी के लिये 0651-2250319 और 6205246546 पर भी संपर्क किया जा सकता है.
क्या है वजह
राज्य सरकार के स्तर से अलग अलग पार्टियों से किराये पर एयरक्राफ्ट (डबल इंजन, मल्टी इंजन) सेवाएं ली जाती रही हैं. पर सर्विस प्रोवाइडर को किसी निर्धारित मानक के अनुरूप भुगतान करने में तकनीकी समस्या भी आने की खबर मिलती है. ऐसे में अब विजिलेंस डिपार्टमेंट ने तय किया है कि EOI जारी करके सर्विस प्रोवाइडर को बुलाया जाये. इसमें चयनित पार्टी को एक स्टैंडर्ड पारामीटर के आधार कर किराये के भुगतान में आसानी होगी. इसमें उम्मीद की जा रही है कि अधिकांश वही सेवा प्रदाता भाग लेंगे जो वर्तमान में सरकार को सेवाएं प्रदान करते आ रहे हैं.
इसे भी पढ़ें – JSSC संशोधित नियमावली: हाईकोर्ट ने पूछा, उर्दू को परीक्षा में शामिल करने से पूर्व डेटाबेस तैयार किया गया या नहीं




