
Divy Khare
Bokaro: अगर सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो जल्द ही बोकारो जनरल अस्पताल में कोवीड-19 सैंपल टेस्टिंग लैबोरेट्री खुल जाएगी. इसकी प्रक्रिया राज्य सरकार और स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के स्तर से शुरू हो गयी है.
योजना के अनुसार मैनपावर और इंफ्रास्ट्रक्चर बीजीएच उपलब्ध कराएगा. वहीं राज्य सरकार कोवीड जांच करने वाली RT-PCR और जरूरत की दूसरी मशीनें अपने खर्च पर लगायेगी.
इसे भी पढ़ें- #Ranchi को राहतः मई के नौ दिनों में मिले मात्र 10 मरीज, 36 हुए ठीक, तीन दिन से नया केस नहीं
विधायक बिरंचि नारायण ने की थी जांच सेंटर बनाने की मांग
इस संबंध में सेल अध्यक्ष, अनिल कुमार चौधरी की बात राज्य के स्वास्थ सचिव, नितिन मदन कुलकर्णी से हो रही है. सेल की तरफ से इस संबंध में एक लेटर स्वास्थ्य सचिव को भेजा गया है जिसमें जरूरत की मशीनों के बारे में उल्लेख है. इस मामले में केंद्रीय इस्पात मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी नजर बनाये हुए हैं.
बोकारो जनरल अस्पताल में कोरोना संबंधित जांच की प्रयोगशाला लगाने की मांग सबसे पहले बोकारो विधायक बिरंचि नारायण ने सेल प्रबंधन से किया था. इस संबंध में बोकारो विधायक ने अप्रैल 13 को केंद्रीय इस्पात मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को भी एक पत्र भेजकर बोकारो जनरल अस्पताल में कोविड-19 जांच लैबोरेट्री खोलने की मांग की थी.
उस वक्त बोकारो झारखंड का दूसरा हॉटस्पॉट जोन था. जिले में 10 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले थे. जिसमें एक की मृत्यु हो गयी है, बाकी 9 लोग ठीक हो कर कुछ दिन पहले घर जा चुके हैं.
इसे भी पढ़ें- #Garhwa: सूरत से आये 9 लोगों को क्वारेंटाइन करने गयी पुलिस से भिड़े ग्रामीण, पुलिस ने भांजी लाठियां
जांच के लिए PMCH भेजा जाता है सैंपल
फिलहाल जिला स्वास्थ विभाग कलेक्ट किये गये सैंपल को कोरोना जांच के लिए पीएमसीएच, धनबाद भेजता है. जिसकी रिपोर्ट आने में कम से कम 2 दिन का वक्त लगता है. बीजीएच में कोरोना जांच लैबोरेट्री खुलने के बाद इसकी जांच रिपोर्ट 12 से 24 घंटे में आ जाएगी. जिससे प्रशासन को कोरोना के रोकथाम में न सिर्फ मदद मिलेगी बल्कि पाये गये पॉजिटिव मरीजों का इलाज सही समय पर शुरू हो पाएगा.
झारखंड में अभी तक कुल 5 कोविड टेस्टिंग लैबोरेट्री काम कर रही है. इसमें रांची में दो रिम्स और इटकी के साथ-साथ जमशेदपुर में एमजीएम और टीएमएच है. वही धनबाद में कोवीड टेस्टिंग पीएमसीएच में हो रहा है. बीजीएच झारखंड का छठवां कोविड टेस्टिंग सेंटर बनने की ओर अग्रसर है.
हालांकि पूरे देश में बोकारो ऐसी दूसरी जगह है जहां सेल कोविड टेस्टिंग सेंटर राज्य सरकार के साथ मिलकर बनाने की इच्छा व्यक्त की है. इसके पहले सेल ने अप्रैल माह में ओडिशा सरकार के साथ मिलकर राउरकेला स्टील प्लांट के इस्पात जनरल हॉस्पिटल में कोविड टेस्टिंग सेंटर की स्थापना की है, जो अभी कार्यरत है. सेल प्रबंधन का मानना है कि कविड टेस्टिंग लैबोरेट्री को शुरू कर कोरोना के खिलाफ लड़ाई में भारत और राज्य को मजबूत कर सकेगा.
इसे भी पढ़ें- #Lockdown: रांची से पैदल जमुई के लिए निकले दो दर्जन लोग, धनबाद में पुलिस ने टेस्ट के लिए भेजा अस्पताल
कोरोना जांच सेंटर बनाने की तैयारियां शुरू
सूत्रों के अनुसार निदेशक चिकित्सा सेवाएं, बीजीएच, डॉ एके सिंह ने अस्पताल में कोविड टेस्टिंग सेंटर खोलने संबंधित जगह की पहचान कर ली है और इस संबंध में सेल प्रबंधन और राज्य सरकार को सूचना दे दी है. लैबोरेट्री को चलाने वाली टीम की पहचान भी कर ली गयी है. इससे संबंधित आवश्यक उपकरणों की सूची राज्य सरकार को दे दी गयी है, जिनमें अभी तक सहमति नहीं मिल पायी है.
स्वास्थ्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी के अनुसार बोकारो के बीजीएच में कोविड -19 सैंपल टेस्टिंग सेंटर स्थापित करने के लिए सेल के प्रस्ताव पर काम हो रहा है. चीजें बहुत प्रारंभिक चरण में हैं. सेल ने बीजीएच में कोविड टेस्टिंग प्रयोगशाला में लगने वाले उपकरण की मांग सरकार से की है.




