Dhanbad

धनबाद: यातायात समस्या का समाधान करने के लिए डीसी ने ट्रैफिक डीएसपी को दिया निर्देश

Dhanbad : जिले को स्वच्छ रखने, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने, पेयजल, बिजली सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर डीसी वरुण रंजन ने शनिवार को अपने कार्यालय कक्ष में धनबाद नगर निगम, ट्रैफिक डीएसपी, रोड कंस्ट्रक्शन डिविजन सहित अन्य विभागों के साथ बैठक की. बैठक में उपायुक्त ने कहा कि यातायात की ज्वलंत समस्या को सुदृढ़ करने, जिलेवासियों को बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने व वैसी समस्याएं जो बारंबार सामने आ रही है, उसका चरणबद्ध तरीके से समाधान करने का निर्देश दिए.

रैमकी को रविवार तक शहर को स्वच्छ करने का निर्देश

विगत कुछ दिनों से शहर में कचरा उठाओ बंद को लेकर उपायुक्त ने धनबाद नगर निगम और रैमकी के प्रोजेक्ट हेड से बात कर कचरा उठाने में आने वाली परेशानियों पर विस्तार से चर्चा की. साथ ही रैमकी को युद्धस्तर पर सफाई अभियान शुरू कर रविवार तक शहर को स्वच्छ करने का निर्देश दिया.

सड़क के गड्डे भरने का दिया निर्देश

बैठक के दौरान गया पुल अंडर पास, श्रमिक चौक व पूजा टॉकीज चौक के पास सड़क की खराब स्थिति पर चर्चा की गई. चर्चा के बाद उपायुक्त ने आरसीडी के कार्यपालक अभियंता को तत्कालिक गड्ढे भरवाकर खराब सड़क को रविवार तक दुरुस्त करने का निर्देश दिया.

वहीं श्रमिक चौक, स्टील गेट, बिरसा मुंडा चौक, जेपी चौक, सुभाष चौक सहित शहर के अन्य चौक चौराहे, जहां यातायात का भारी दबाव है, वहां ट्रैफिक सिग्नल लगाने, अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने,
बीसीसीएल, एनसीसी, सीआइएसएफ से सहयोग लेकर यातायात को दुरुस्त करने के लिए चर्चा की गई.
चर्चा के दौरान यह बात भी उभर कर सामने आई कि सड़कों पर ऑटो की भारी संख्या और टोटो की बढ़ती तादाद, पार्किंग की समस्या, शहर के बीचों-बीच से भारी वाहनों का आवागमन तथा प्रमुख स्थानों व सड़क पर अतिक्रमण भी यातायात अवरुद्ध करने का एक कारण है. इसके समाधान के लिए उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया. कमिटी में जिला परिवहन पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी तथा अपर नगर आयुक्त शामिल रहेंगे. कमेटी ट्रैफिक व्यवस्था को सिस्टमैटिक तरीके से सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न बिंदुओं का आकलन करेगी. इसके अलावा बैठक में नावाडीह, रानी बांध व अन्य क्षेत्रों में होने वाले जल जमाव के निकासी के लिए भी चर्चा की गई.
बैठक में नगर आयुक्त सत्येंद्र कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रेम कुमार तिवारी, अपर नगर आयुक्त प्रकाश कुमार, ट्रैफिक डीएसपी राजेश कुमार, नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी मोहम्मद अनिस, नगर निगम के कार्यपालक अभियंता चमक लाल मंडल, रैमकी के प्रोजेक्ट हेड प्रणब पटनायक सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे.

Related Articles

Back to top button