
RANCHI : कोरोना वायरस के संक्रमण के बीच ड्यूटी पर मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने 50 लाख के जीवन बीमा की मांग की है. और सभी पुलिसकर्मियों का टेस्ट कराने के लिए झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन ने सरकार से अपील की है.
झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश कुमार पाण्डेय ने सरकार से अपील करते हुए कहा कि आज वैश्विक करोना महामारी के समय झारखंड के तमाम पुलिसकर्मी अपने कर्तव्य के पालन के लिए सड़कों के अलावा अन्य स्थानों पर निष्ठा पूर्वक अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रहे हैं. साथ ही तमाम समस्याओँ के बावजूद लोगों को कानून का पालन करवाने के लिए भी अपने स्थान पर डटे हुए हैं.
एसोसिएशन का कहना है कि हमारे जवानों ने तमाम तरह की दिक्कत के बावजूद एक बार भी खुद के लिए कुछ नहीं कहा. सरकार से झारखंड पुलिस मांग करता है कि झारखंड में अपने कर्तव्य पर लगे तमाम पुलिसकर्मियों का टेस्ट कराया जाये एवं उनके लिए इस विपदा की घड़ी में 50 लाख का बीमा किया जाये, इस काम के लिए तमाम पुलिसकर्मी सरकार का आभारी रहेंगे.
इसे भी पढ़ें –#RIMS के कोरोना संदिग्ध की रिपोर्ट आयी निगेटिव, मौत के 53 घंटे बाद सौंपा जाएगा शव
कभी भी कोरोना वायरस की चपेट में आ सकते हैं
झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश कुमार पाण्डेय कहा कि कोरोना से बचाव के लिए राज्य के तमाम पुलिसकर्मी अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं. सड़क पर दिन-रात हमारे जवान आम लोगों की सुरक्षा में तैनात हैं.
स्वास्थ्यकर्मियों की तरह ही पुलिस भी कोरोना के खिलाफ लड़ाई में शामिल है. ड्यूटी के दौरान वह कभी भी कोरोना वायरस की चपेट में आ सकते हैं. ऐसा होने पर उनकी जान तक जा सकती है.
यहां तक की कोरोना के मरीजों के लिए चिन्हित अस्पताल और जहां संदिग्ध को रखा गया है, या उनकी जांच होती है, वहां भी पुलिस की तैनाती है. स्वास्थ्यकर्मियों की तरह पुलिस के पास सुरक्षा के लिए समुचित संसाधन भी नहीं है, बावजूद जवान अपने कर्तव्य का पालन मजबूती से कर रहे हैं. एसोसिएशन ने अनुरोध किया है कि है स्वास्थ्यकर्मियों के समान पुलिस के लिए भी 50-50 लाख के बीमा का प्रावधान किया जाये.
इसे भी पढ़ें –#CoronaVirus : अर्थशास्त्री ज्यां द्रेज ने कहा – भारत की आर्थिक स्थिति कमजोर, लॉकडाउन जारी रहने से और बुरे होने के आसार
90 प्रतिशत से ज्यादा पुलिस बल फील्ड में तैनात
झारखंड पुलिस की क्षमता 65 हजार के करीब है. इसमें सिपाही से लेकर अधिकारी तक शामिल हैं. इनमें से 90 प्रतिशत से ज्यादा बल सीधे तौर पर कोरोना के खिलाफ जंग लड़ रहे हैं. इनकी तैनाती फील्ड में कहीं न कहीं है और ये कानून-व्यवस्था के साथ लॉकडाउन को अमल कराने में जुटे हैं. वहीं बाकी दफ्तरों से यह जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.
झारखंड में कोरोना के चौथे मामले ने दस्तक दे दी है
झारखंड में कोरोना के चौथे मामले ने दस्तक दे दी है. राजधानी रांची के हिंदीपीढ़ी की एक महिला में कोरोना की पुष्टि हुई है. इस तरह कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या राज्य में बढ़कर चार हो गयी है. मलेशियाई महिला की पॉजिटिव पुष्टि होने के बाद हिंदपीढ़ी इलाके में लगातार स्क्रीनिंग चल रही थी. इस महिला का सैंपल स्क्रीनिंग के बाद लिया गया था.
इसे भी पढ़ें –#Corona : कोरोना वायरस का ‘शिकार’ हुई एयर डेक्कन, परिचालन बंद, कर्मचारियों को बिना वेतन छुट्टी पर भेजा




