Ranchi

हिंदपीढ़ी में धर्म विशेष के पुलिस पदाधिकारियों की नियुक्ति का बाबूलाल मरांडी ने किया विरोध,कहा- ना हो वोट बैंक की राजनीति

Ranchi: राज्य सरकार ने पिछले दिनों रांची के हिंदपीढ़ी में विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए धर्म विशेष के पुलिस पदाधिकारियों की नियुक्ति की है. भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने सरकार के इस निर्णय को खतरनाक बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की है.

सीएम हेमंत सोरेन को इस संबंध में पत्र लिखकर बाबूलाल ने कहा है कि ऐसे निर्णय के दूरगामी असर होंगे. सरकार अगर यह सोच रही है कि धार्मिक आधार पर धर्म विशेष के पदाधिकारियों की नियुक्ति से लाभ मिलेगा तो यह एक गलत और घातक कदम है. सरकार इस पर पुनर्विचार करे.

इसे भी पढ़ेंःहिंदपीढ़ी में #Corona की दूसरी मरीज मिलने के बाद रांची जिला प्रशासन रेस, इलाके की 24 घंटे रखी जायेगी निगरानी

विधि व्यवस्था में धार्मिक आधार पर न हो विभाजन

सीएम को लिखे पत्र में बाबूलाल ने कहा है कि किसी भी समाज में विधि व्यवस्था में धार्मिक आधार पर विभाजन समाज में विकृतियों को जन्म देगा. इसका असर लम्बे समय तक रहेगा और समाज में एक बड़ी खाई बनेगी. सरकार को यह सोचना चाहिये कि भविष्य में अगर ऐसी ही समस्या किसी बहुसंख्यक इलाके में उत्पन्न हो जाए और वहां धर्म विशेष के पुलिस या प्रशासनिक पदाधिकारी को हटाने की मांग हो जाये तो स्थिति मुश्किल हो सकती है.

सीएम लेते हैं सर्व धर्म समभाव के अनुरूप कार्य करने की शपथ

बाबूलाल के अनुसार, किसी भी स्थिति में सरकार को वोट की राजनीति से परे रहना चाहिये. सामाजिक संतुलन को ध्यान रखते हुए सर्व धर्म समभाव नीति के मूल मन्त्र पर चलना चाहिये. एक सीएम के तौर पर शपथ लेते समय भी इसी मार्ग पर चलने का वचन दिया जाता है.

धर्म विशेष के पदाधिकारियों की नियुक्ति किये जाने के मामले में राज्य सरकार अविलम्ब अपने कदम पीछे हटाये. इस मामले में जिस किसी पदाधिकारी के मन में यह भाव आया और इस पर अमल किया गया, उसकी पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाये.

इसे भी पढ़ेंःरांची: हिंदपीढ़ी के सभी मुख्य मार्गों पर बैरिकेटिंग, नियम तोड़ने पर सख्ती बरतेगी पुलिस

हिंदपीढ़ी में मुस्लिम पुलिस अफसरों की तैनाती पर बाबूलाल को है आपत्ति

गौरतलब है कि पिछले दिनों हिंदपीढ़ी में एक महिला के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि के बाद वहां जांत के लिए पहुंची मेडिकल टीम के साथ हुए विवाद के बाद, इलाके में विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए अलग से मुस्लिम अफसरों की तैनाती की गयी है.
इनका काम लॉक डाउन को सफल बनाना और स्क्रीनिंग में प्रशासन को सहयोग करना है. डीएसपी रैंक के 4 अधिकारियों के अलावा, सीआइडी रैंक के तीन डीएसपी के अलावा पीसीआर, ट्रैफिक और राजधानी के विभिन्न थानों में तैनात करीब 45 मुस्लिम पुलिस अफसरों की तैनाती की गयी है. बाबूलाल मरांडी ने सरकार के इसी फैसले पर आपत्ति जतायी है.

इसे भी पढ़ेंः#Jharkhand का चौथा और रांची का दूसरा #Corona केसः पीड़ित मलेशियाई महिला के संपर्क में आयी हिंदपीढ़ी की महिला में संक्रमण की पुष्टि

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button