
Ranchi: झारखंड एकेडमिक काउंसिल की तरफ से मैट्रिक और इंटर का रिजल्ट समय पर जारी हो सके इसके लिए प्रयास किया जा रहा है. दोनों ही बोर्ड की प्रैक्टिकल परीक्षाएं ना हो पाने की वजह से जुलाई के अंत तक रिजल्ट जारी हो इस पर संशय था. अब इस संशय पर विराम लग गया है. स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की तरफ से झारखंड एकेडमी काउंसिल को मैट्रिक और इंटर की प्रैक्टिकल परीक्षाएं लेने का आदेश दे दिया गया है.
इसे लेकर शिक्षा सचिव राजेश कुमार शर्मा ने झारखंड एकेडमिक काउंसिल के अध्यक्ष को पत्र लिखा है. इस पत्र में उन्होंने स्पष्ट कहा है कि झारखंड एकेडमिक काउंसिल अपनी प्रैक्टिकल परीक्षाएं पूरी करें. इस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी सहमति दे दी है. बताते चलें कि झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने प्रैक्टिकल परीक्षाओं के आयोजन को लेकर 4 जुलाई को स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को पत्र लिखकर मार्गदर्शन मांगा था.
जुलाई के आखिरी सप्ताह में आएगा रिजल्ट
झारखंड एकेडमिक काउंसिल की ओर से मिली जानकारी के अनुसार मैट्रिक और इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम इस माह के अंत तक जारी किया जाएगा. इसे लेकर तैयारी की जा रही है. जानकारी के अनुसार मैट्रिक का रिजल्ट नौवीं में प्राप्त अंक से 80 प्रतिशत और इंटरनल एवं प्रैक्टिकल से 20 अंक के आधार पर तैयार किया जा रहा है. वहीं दूसरी ओर इंटरमीडिएट का रिजल्ट 11वीं में प्राप्त अंक से 80 प्रतिशत एवं इंटरनल और प्रैक्टिकल से 20 अंक के आधार पर तैयार किया जा रहा है.
उल्लेखनीय है कि मैट्रिक और इंटरमीडिएट में कुल 7.60 लाख विद्यार्थी हैं. इस बार मैट्रिक और इंटरमीडिएट के रिजल्ट में कोई टॉपर नहीं होगा. विद्यार्थियों को सिर्फ प्रमोट किया जायेगा. जैक अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह के अनुसार जुलाई के आखिरी सप्ताह में मैट्रिक और इंटरमीडिएट का रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा. इसे लेकर तैयारी की जा रही है। कोरोना महामारी की वजह से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा को रद्द कर दिया था.




