
Koderma: कोडरमा जिले की दो ग्रामीण महिलाओं पूजा और पार्वती को राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित किया जा रहा है. स्वच्छ सुजल शक्ति सम्मान पुरस्कार अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रत्येक वर्ष वैसी महिलाओं को दिया जाता है, जिन्होंने अपने नेतृत्व में अपने गांव को स्वच्छ सुंदर बनाने में स्वच्छ भारत यात्रा में जमीनी स्तर से जुड़कर योगदान दिया है. इस उपलक्ष्य में जल शक्ति मंत्रालय एवं पेयजल स्वच्छता विभाग द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का ऑनलाइन नामांकन करने के उपरांत केंद्र स्तर पर अंतिम रुप से चयनित होने वाली महिलाओं को 4 मार्च को विज्ञान भवन नई दिल्ली में स्वच्छ सुजल शक्ति सम्मान से महामहिम राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जायेगा. कोडरमा जिला को दो पुरस्कार दिया जा रहा है. जिसमें एक जैविक एवं अजैविक कचरा सिंगल प्लास्टिक मुक्त ग्राम की श्रेणी में अर्कोसा गांव की पूजा देवी को एवं दूसरा जल संरक्षण के लिए कैच दा रैन का पुरस्कार जरगा पंचायत के कंझाटांड के पार्वती देवी को दिया जा रहा है.

झारखंड राज्य को कुल 3 पुरस्कार दिया जा रहा है, जिसमें से 2 कोडरमा जिला को मिल रहा है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों सम्मानित होने के लिए कोडरमा की पूजा देवी और पार्वती देवी गुरुवार को नई दिल्ली के लिए रवाना हो गई. पूजा देवी को प्लास्टिक मुक्त अभियान के लिए किए गए प्रयासों के लिए सम्मानित किया जाएगा, वहीं पार्वती देवी को जल संरक्षण अभियान को साकार बनाने के लिए राष्ट्रपति अपने हाथों से सम्मानित करेंगी. कोडरमा उपायुक्त रंजन समेत तमाम आला अधिकारियों ने जिला मुख्यालय से इन दोनों महिलाओं को रवाना किया. इस मौके पर पूजा देवी और पार्वती देवी के साथ गांव के ग्रामीण भी मौजूद थे. नई दिल्ली रवाना होने से पहले पूजा देवी और पार्वती देवी ने प्लास्टिक मुक्त और जल संरक्षण के अभियान को लेकर अपने अनुभव साझा किया और सम्मान को लेकर खुशी जाहिर की. पूजा देवी ने बताया कि जिला प्रशासन के अधिकारियों के निर्देशन में उन्होंने प्लास्टिक मुक्त अभियान को साकार बनाने में सार्थक भूमिका निभाई और इसके लिए उन्हें गांव के ग्रामीणों का भी सहयोग मिला. जरगा पंचायत के कक्षाटांड़ की पार्वती देवी ने बताया कि जल संरक्षण के लिए अपने गांव में जो अभियान की शुरुआत की थी, उसे पूरा कर दिखाया है और राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित होने से न सिर्फ उन्हें खुशी है बल्कि जिला प्रशासन और गांव के ग्रामीण भी खुश हैं. मौके पर उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर कोडरमा की दो महिलाओं को राष्ट्रपति के हाथों सम्मान मिलना गौरव का पल है. इस दौरान डीएफओ सूरज कुमार और एसडीओ संदीप कुमार मीणा भी मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें: चक्रधरपुर में रामगढ़ उपचुनाव में एनडीए की जीत पर निकला विजय जुलूस




