
New delhi : भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथे व निर्णायक टेस्ट मुकाबले में भारतीय टीम अनुभवहीन गेंदबाजों के सहारे मैदान पर उतरी है. ऑस्ट्रेलिया टॉस जीतकर बल्लेबाजी कर रहा है. खबर लिखे जाने तक ऑस्ट्रेलिया ने 49 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 128 रन बना लिए हैं. मार्नस लाबुशाने और मैथ्यू वेड क्रीज पर डटे हैं.
17 रनों पर ओपनिंग जोड़ी को किया चलता
बेशक, मैदान पर उतरे भारतीय गेंदबाजों के पास अंतरराष्ट्रीय मैचों का अनुभव कम है, लेकिन अभी तक बेहतर गेंदबाजी का प्रदर्शन किया है. मोहम्मद सिराज ने पहले ही ओवर में डेविड वार्नर को रोहित शर्मा के हाथों स्लिप में कैच करा वापस भेजा. टीम के दूसरे ओपनर मार्कस हैरिस को स्पेल की पहली गेंद पर शार्दुल ठाकुर ने वॉशिंग्टन सुंदर के हाथों कैच करवाया. महज 5 रन बनाकर हैरिस आउट हुए. तीसरे विकेट के लिए लाबुशाने और स्मिथ के बीच 50 से ज्यादा रन की साझेदारी हुई. भारत को तीसरी सफलता वॉशिंग्टन सुंदर ने दिलाई, जिन्होंने स्टीव स्मिथ को 36 रन के निजी स्कोर पर रोहित शर्मा के हाथों कैच आउट कराया.
टीम चार बदलाव
आज के मैच में भारतीय टीम में चार बदलाव किए गए हैं. जसप्रीत बुमराह, हनुमा विहारी, रवींद्र जडेजा और आर अश्विन चोट की वजह से मैच के बाहर हैं. भारत की तरफ से टी नटराजन और वॉशिंग्टन सुंदर आज के मैच में अपना टेस्ट डेब्यू करने जा रहे हैं. इस मुकाबले के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम ने एक बदलाव किया है. चोटिल ओपनर विल पुकोस्वकी की जगह मार्कस हैरिस को शामिल किया गया है.
फिलहाल सीरीज बराबरी पर
फिलहाल टेस्ट सीरीज बराबरी पर है. अब तक हुए तीन मुकाबले में दोनों टीमें एक-एक मैच जीत चुकी है. तीसरा टेस्ट ड्रा रहा है. भारतीय टीम के खिलाड़ियों को चोट का सामना करना पड़ा है. भारत के कम से कम नौ खिलाड़ी चोट की वजह से इस मुकाबले में खेलने से वंचित हैं. यही वजह है कि भारत को अनुभवहीन गेंदबाजों के सहारे मैदान पर उतरना पड़ा है.




