
Special correspondent
Ranchi: झारखंड कैडर की आईएएस अधिकारी और पूर्व खान एवं उद्योग सचिव पूजा सिंघल के नाम पर कितनी प्रॉपर्टी है, इसकी जांच ईडी कर रही है. उन्होंने अपनी आय और संपत्ति के बारे में ईडी के सामने कई चौंकाने वाले खुलासे किये हैं, लेकिन इससे पहले बीती 10 जनवरी को उन्होंने केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय को अपनी अचल संपत्ति का ब्योरा इमूवेवल प्रॉपर्टी रिटर्न में दिया है.
रिटर्न में उन्होंने बताया है कि वेदिक राजरहट कोलकाता में 2008-09 में 30 लाख रुपये में घर लिया है, जिससे उन्हें हर साल छह लाख रुपये का किराया प्राप्त होता है. यह घर उनके तलाकशुदा पति राहुल पुरवार के साथ संयुक्त रूप से खरीदी गयी थी. इससे अब किराये की रकम आती है.
पूजा सिंघल के नाम पर दूसरी जो प्रॉपर्टी है, वह रांची के सुकुरहुटू कांके में सिविल सर्विस ऑफिसर्स को-ऑपरेटिव सोसाइटी में स्थित है. यहां उन्होंने 7800 वर्ग फीट क्षेत्रफल का भूखंड स्वयं के नाम से खरीदा है. जब यह जमीन खरीदी गयी थी, तो उस वक्त उसकी कीमत 88 हजार रुपये थी. पूजा सिंघल के मुताबिक इस जमीन पर अब तक कब्जा नहीं मिल पाया है.
इसके अलावा 4500 वर्ग फीट का कॉमर्शियल स्पेस बरियातू की आर्किड बिल्डिंग में है, जो उनके पति अभिषेक झा के नाम पर है. पूजा सिंघल ने रिटर्न में बताया है कि यह प्रॉपर्टी उनके पति ने अपनी सेविंग्स से खरीदी है. इसकी कीमत एक करोड़ 10 लाख रुपये बतायी गयी है. उन्होंने सरकार को जानकारी दी है कि रांची के अशोकनगर सोसायटी में भी उनका मकान है. इसे 2014 में उन्होंने खरीदा था और तब उसकी कीमत 80 लाख रुपये थी. यह मकान उन्होंने पति अभिषेक झा के साथ मिलकर खरीदी है. पूजा सिंघल के मुताबिक इस मकान की कुल लागत की 80 प्रतिशत राशि लोन से ली गयी थी. इस प्रकार कुल मिलाकर पूजा सिंघल ने अब तक 2.20 करोड़ की संपत्ति खरीदी है. हालांकि रिटर्न में इन संपत्तियों की वर्तमान कीमत की जानकारी नहीं दी गयी है.
बता दें कि अखिल भारतीय सेवा के सभी अधिकारियों को सेंट्रल सिविल कंडक्ट रूल्स 1964 के तहत अपनी अचल संपत्ति की विवरणी वार्षिक रूप से देनी पड़ती है. रिटर्न में अधिकारी खुद से अर्जित संपत्ति के साथ-साथ परिवार की संपत्ति के बारे में भी पूरी जानकारी देते हैं. डेब्टस,लाइबिलिटी के बारे में भी जानकारी दी जाती है.




