
Ranchi : भाजपा ने प्रवीण प्रभाकर, ताला मरांडी सहित कुल 11 नेताओं को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है.
प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ ने इन्हें पार्टी के नियमों की अवहेलना करने और पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव के कारण पार्टी से निष्कासित किया है. यह जानकारी पार्टी के प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने दी.
बता दें कि निष्कासित नेताओं में से अधिकतर भाजपा के खिलाफ ही चुनावी मैदान में हैं.
प्रवीण प्रभाकर नाला से चुनाव लड़ रहे हैं, ताला मरांडी बोरियो से आजसू के टिकट से चुनावी मैदान में हैं. माधवचंद्र महतो भी नाला से आजसू से उम्मीदवार हैं.
इनके अलावा तरुण गुप्ता, सीताराम पाठक, गेम्ब्रिएम हेम्ब्रम, श्याम मरांडी, शिवधन मुर्मू, संजयनंद झा और नित्यानंद गुप्ता को पार्टी से निष्कासित किया है.
इसे भी पढ़ें : आखिरी चरण में संथाल तय करेगा झारखंड की अगली सरकार, फिलहाल आधी सीटों पर गठबंधन का परचम
सभी नेता भाजपा के खिलाफ ही हैं चुनावी मैदान में
भाजपा ने शनिवार को जिन नेताओं को पार्टी से निष्कासित किया है, सभी के सभी अपने क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार के खिलाफ ही चुनावी मैदान में हैं.
महेशपुर सीट से शिवधन मुर्मू जेवीएम के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं. माधवचंद्र महतो आजसू के टिकट से नाला से प्रत्याशी हैं.
बरहेट सीट से ग्रम्ब्रिएम हेंब्रम आजसू से मैदान में हैं. सीताराम पाठक, प्रवीण प्रभाकर, संजयनंद झा अपने अपने क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं.
इसे भी पढ़ें : प्रधानमंत्री इंप्लायमेंट जनरेशन प्रोग्राम के तहत चार सालों में झारखंड में घट गये 9328 रोजगार
क्या बोले प्रवीण प्रभाकर
वरिष्ठ नेता प्रवीण प्रभाकर ने उन्हें भाजपा से निष्कासित करने की घोषणा को हास्यास्पद करार दिया है.
उन्होंने कहा कि वह एनपीपी में शामिल होने के पूर्व ही 29 नवम्बर को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और पद से त्यागपत्र भाजपा कार्यालय भेज चुके हैं, इसलिए उन्हें निष्कासित करने का कोई मतलब नहीं रह जाता है.
प्रभाकर ने कहा कि उन्हें निष्कासित करने की बजाय उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया जाता तो उन्हें खुशी होती.
इसे भी पढ़ें : लगभग तीन हजार उद्यमी मंडल को ना वनोत्पाद की ट्रेनिंग दी गयी और न ही मार्केट उपलब्ध करा पायी सरकार




