
Ranchi: कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के बीच झारखंड में रविवार को 24 घंटे में 13 संक्रमित मिले हैं. अच्छी बात यह है कि राज्य के बीस जिलों में एक भी संक्रमित नहीं मिला है. सबसे अधिक सात संक्रमित राजधानी रांची से मिले हैं. इसके अलावा धनबाद-3, पूर्वी सिंहभूम-2 और साहेबगंज से एक संक्रमित मिले हैं. पिछले कई दिनों से रांची छोड़ अन्य जिलों में या तो संक्रमित नहीं मिल रहे हैं या मिल रहे हैं तो एक-दो की संख्या में, जिसके मद्देनजर कहा जा सकता है कि झारखंड में कोरोना की दूसरी लहर खात्मे की ओर है. हालांकि, विशेषज्ञ बताते हैं कि तीसरी लहर की आशंका के मद्देनजर सावधानी बेहद जरूरी है.
नये संक्रमितों की संख्या में गिरावट के साथ ही सक्रिय मरीजों की संख्या भी तेजी से कम हो रही है. सोमवार सुबह तक राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या 144 है. इनमें सबसे अधिक 79 रांची में हैं. इसके मात्र तीन जिले हैं जहां सक्रिय मरीजों की संख्या 10 या इससे अधिक है. इन जिलों में जामताड़ा-11, धनबाद-14 व पूर्वी सिंहभूम-10 शामिल हैं. अच्छी बात यह भी है कि राज्य में सात जिलों में सक्रिय मरीजों की संख्या शून्य हो चुकी है और छह जिलों में यह संख्या एक-एक रह गई है.
लोहरदगा, पाकुड़, पलामू, कोडरमा, हजारीबाग, गुमला व गढ़वा वैसे जिले हैं जहां सक्रिय मरीजों की संख्या शून्य है. इसी तरह एक-एक सक्रिय मरीज वाले जिलों में चतरा, देवघर, दुमका, गिरिडीह, सिमडेगा व पश्चिम सिंहभूम शामिल हैं. राज्य में अब तक 347842 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं. इनमें 342566 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं. रविवार को 24 घंटे में 11 मरीजों ने कोरोना को मात दी है. अच्छी बात यह भी है कि कोरोना से होने वाले मौत पूरी तरह से थम चुकी है. अगस्त माह में दो से तीन लोगों की ही कोरोना से मौत हुई है.




