
Ranchi: बेशक, ब्लैग फंगस व कोरोना की तीसरी लहर के मद्देनजर झारखंड में खौफ है, मगर दूसरी लहर का प्रकोप कम हो चला है. बीते 24 घंटे में राज्य के 13 जिलों में एक भी संक्रमित नहीं मिला है. 9 जिलों में पांच से कम संक्रमित मिले हैं. रांची व पूर्वी सिंहभूम दो ऐसे जिले हैं, पांच से अधिक केस मिले हैं. पूर्वी सिंहभूम में 10 व रांची में 8 कोरोना पॉजीटिव मिले हैं. इसके साथ ही 24 घंटे में 64 लोगों ने कोरोना को मात भी दी है. इसके बाद राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर 390 रह गई है.
चतरा, गढ़वा, गिरिडीह, गोड्डा, हजारीबाग, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, पाकुड़, रामगढ़, सरायकेला, सिमडेगा व पश्चिमी सिंहभूम ऐसे जिले हैं जहां 24 घंटे में एक भी संक्रमित नहीं मिला है. राज्य में सर्वाधिक सक्रिय मरीज 59 पूर्वी सिंहभूम में है. इसके साथ ही रांची 57 व सिमडेगा में 42 सक्रिय मरीज हैं. चतरा, गढ़वा, गिरिडीह, गोड्डा, खूंटी, लोहरदगा, रामगढ़, पश्चिमी सिंहभूम जिले में दस से कम सक्रिय मरीज रह गये हैं. पाकुड़ राज्य का एकमात्र जिला है, जहां पिछले कुछ दिनों से एक भी सक्रिय केस नहीं है.
राज्य में कोरोना से जान गंवाने वालों की संख्या 5,119 हो गई है. हालांकि, बीते 24 घंटे में एक भी मौत नहीं हुई है. राज्य में अब तक 3,46,371 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं. अच्छी बात यह है कि इनमें 3,40,862 लोग कोरोना से जंग जीतकर स्वस्थ हो चुके हैं.




