
Ranchi: कोरोना के मद्देनजर रांची वासियों के लिए राहत भरी खबर है. रविवार को रोजाना मिलने वाले संक्रमितों की संख्या महज चार रही है और सक्रिय मरीजों की संख्या में भी भारी कमी आई है. राज्य में भी सिर्फ तीन जिलों में रविवार को संक्रमित मिले हैं. बीते सप्ताह संक्रमित मिलने वाले जिलों की संख्या आठ तक पहुंच गई थी. रविवार को राज्य में कुल 11 संक्रमित मिले हैं. जिनमें चार रांची, पांच पूर्वी सिंहभूम व दो जामताड़ा से हैं. इसक साथ ही राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 349135 हो गई है.
अच्छी बात यह है कि इनमें 343864 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं. रविवार को दस मरीजों ने कोरोना को मात दी है. राज्य में अब तक 5140 लोगों की कोरोना से जान जा चुकी है. इधर, अब राज्य के विभिन्न जिलों में 131 सक्रिय कोरोना मरीज बचे हैं. इनमें 62 रांची, 30 पूर्वी सिंहभूम व 13 दुमका से है. राज्य के अन्य जिलों में या तो सक्रिय मरीज नहीं हैं या इनकी संख्या पांच से कम है. गढ़वा, गिरिडीह, गोड्डा, हजारीबाग, खूंटी, कोडरमा, लातेहार, पाकुड़, रामगढ़, साहिबगंज व सिमडेगा में फिलहाल एक भी सक्रिय मरीज नहीं है.
दूसरी ओर राज्य के अधिकांश जिलों में तेज गति से टीकाकरण जारी है. राज्य के विभिन्न जिलों में अब तक 23034634 डोज दिए जा चुके हैं. इनमें 16035211 को फर्स्ट डोज व 6999423 लोगों को दोनों डोज दिए जा चुक हैं. रविवार को 95545 डोज दिए गए.




