
Ranchi: हर घर तक पानी पहुंचाने की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन की रफ्तार अब भी झारखंड में ठीक नहीं. वित्तीय वर्ष 2021-22 में साढ़े नौ लाख घरों (ग्रामीण) में पानी कनेक्शन पहुंचाने का टारगेट था. पर अब तक (28 फरवरी, 2022) स्थिति यह है कि मात्र 3 लाख 45 हजार, 165 घरों में ही पानी कनेक्शन मुहैया कराया जा सका है. मतलब निर्धारित लक्ष्य का 18.95 फीसदी ही हासिल हो पाया है. अब भी साढ़े पांच लाख से अधिक घरों में इस वित्तीय वर्ष में अगले 30 दिनों में (मार्च तक) पानी कैसे पहुंचेगा, इस पर आशंका ही है. 11 महीने में 3.50 लाख घरों में भी पानी पहुंचाने में विफल रहा पेयजल विभाग अगले 30 दिनों में साढे पांच लाख घरों में पानी पहुंचा देगा, यह सवालों के घेरे में आ चुका है. इस स्थिति को देखते यह भी सवाल शुरू है कि 2024 तक कैसे करीब 60 लाख घरों में पानी सुविधा दी जा सकेगी.
इसे भी पढ़ें: Jharkhand विधानसभा का बजट सत्र : केंद्रीय विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य पर रोक लगाएगी राज्य सरकार
तीन जिलों का बुरा हाल
जल शक्ति मंत्रालय के मुताबिक झारखंड में तीन जिले तो ऐसे हैं जहां पिछले 11 माह में 10 फीसदी घरों में भी पानी कनेक्शन मुहैया नहीं कराया जा सका है. इनमें पाकुड़ सबसे फिसड्डी है, जहां 2 लाख 18 हजार 35 घरों में से महज 10,160 घरों को ही लाभ मिला है. इस जिले में महज 4.66 प्रतिशत घरों में ही पानी नसीब हो पाया है. पलामू में 3,84,489 घरों में से 37,319 घरों में यानि 9.71 फीसदी घरों में ही नल से जल की सुविधा दी जा सकी है. इसकी तरह गढ़वा में 2,96,643 घरों में से 29,012 घरों तक ही यह सेवा मिल पायी है. मतलब वहां 9.78 फीसदी घरों तक ही घरों में पानी की सुविधा दी जा सकी है.
इन तीन जिलों की तुलना में रामगढ़ में 1,45,790 घरों में से 69,477 (47.66 फीसदी), रांची में 4,09,126 घरों में से 1,38,028 घर (33.74 फीसदी), बोकारो में 3,23,226 घरों में से 1,03,660 घर (32.07 फीसदी), सिमडेगा के 1,21,913 में से 38,175 घर (31.31 फीसदी), धनबाद में 2,68,690 में से 70,470 घर (26.23 फीसदी) और लोहरदगा के 84,317 में से 21,522 (25.53 फीसदी) घरों में पानी सुविधा दी जा सकी है. इसके अलावे जितने भी जिले हैं, उनमें 10 से 20 फीसदी तक टारगेट हासिल कर लिया गया है.
800 से अधिक गांवों में पानी कनेक्शन की सुविधा
जल शक्ति मंत्रालय के मुताबिक राज्य में 29,756 गांवों में पानी कनेक्शन देने का टारगेट है. अभी तक इनमें से केवल 839 गांवों में ही यह सुविधा मिल सकी है. पंचायतों के लिहाज से 4000 से अधिक पंचायतों में से 51 पंचायतें ऐसी हैं जहां कमोबेश सभी घरों में पानी कनेक्शन दिया जा चुका है. 10,661 गांवों में प्रक्रिया जारी है. 18,256 गांवों में इसे शुरू किये जाने की तैयारी है.




