
Jamshedpur : परसुडीह थाना क्षेत्र के कीताडीह गाड़ीवान पट्टी से 9 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ पुलिस ने रुही परवीन नामक महिला को गिरफ्तार किया है. उसके पास से पुलिस ने 13 हजार नकद रुपये भी बरामद किए हैं. हालांकि इस दौरान उसका सहयोगी मो. रहीम मौके से भाग निकलने में सफल रहा. पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है. इस मामले में परसुडीह थाना के एसआई धीरज कुमार यादव के बयान पर दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रुही परवीन और मो. रहीम ब्राउन शुगर के अवैध धंधे में लिप्त हैं. दोनों चोरी-छिपे ब्राउन शुगर की खरीद बिक्री करते हैं. उसी आधार पर पुलिस ने कीताडीह के गाड़ीवान पट्टी में छापेमारी की. इससे बस्ती के लोगो में खलबली मच गई. इससे पहले कि मो. रहीम के साथ रुही परवीन भी पुलिस को चकमा दे पाती, पुलिस ने उसे धर-दबोचा. उसे गिरफ्तार कर थाना लाया गया. वहां से पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वह इससे पहले भी ब्राउन शुगर बेचने के आरोप में जेल जा चुकी है.
बता दें कि कीताडीह क्षेत्र में इससे पहले भी ब्राउन शुगर के अवैध धंधे के कई मामले सामने आ चुके हैं. इसके विरोध में क्षेत्र के लोग पूर्व में थाने के समक्ष प्रदर्शन भी कर चुके हैं. फिलहाल पुलिस ने क्षेत्र में इस धंधे पर अकुंश लगाने को लेकर कार्रवाई भी शुरु कर दी है. पुलिस का नशीले पदार्थों के अवैध धंधे के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा. इससे इन अवैध धंधो में लिप्त लोगों में हड़कंप है.
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर : साकची के हिन्द वेयर सर्विस सेंटर में चोरों ने बोला धावा, तीन लाख नकद सहित 15 लाख की चोरी




