JamshedpurJharkhandJharkhand StoryKhas-KhabarLead NewsNEWSRanchi

ओलचिकी हूल बैसी के आह्वान पर बुलाए गए झारखंड बंद का चांडिल, जमशेदपुर में खासा असर, जनजीवन व रेल सेवा प्रभावित

Ranchi: ओलचिकी हूल बैसी के आह्वान पर मंगलवार को आहूत झारखंड बंद का चांडिल में व्यापक असर देखा जा रहा है. सुबह से ही बंद समर्थक सड़कों पर उतर कर वाहनों का आवागमन बाधित कर दिया. चांडिल गोलचक्कर के पास ओलचिकी हूल बैसी के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग 33 को जाम कर दिया. सड़क के बीच पोस्टर लिए कार्यकर्ता संथाली को राज्य का प्रथम राजभाषा का दर्जा देने, संथाली अकादमी खोलने, संथाली भाषा के शिक्षकों का बहाली करने और ओलचिकी लिपि में पुस्तकों का प्रकाशन कर प्राथमिक स्तर से स्नातकोत्तर तक पठन-पाठन शुरू करने आदि मांग करने लगे. इन्ही मांगों के समर्थन में आज झारखंड बंद का आह्वान किया गया है.

राष्ट्रीय राजमार्ग 33 पर सड़क जाम किए जाने के बाद टाटा, रांची, धनबाद और पुरुलिया जाने वाली सड़क पर आवागमन पूरी तरह से ठप पड़ गया. सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई.बैनर और पोस्टर लिए कार्यकर्ता बड़ी संख्या में सड़क के बीच में जुटे नजर आए. बंद समर्थकों में काफी संख्या में महिलाएं भी शामिल दिखीं. राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्री वाहनों का परिचालन भी बंद है. सैकड़ों वाहन जाम में फंसे हुए हैं. सुरक्षा के मद्देनजर चांडिल थाना की पुलिस भी जामस्थल पर मुस्तैद है. जामकर्ताओं ने मानवता का परिचय देते हुए आंदोलन के दौरान एंबुलेंस को सड़क से गुजरने दे रहे हैं. इसके साथ ही अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों का आवागमन बाधित नहीं कर रहे हैं.

जमशेदपुर में भी दिखा व्यापक असर

ओल चिकी हूल बैसी संगठन की ओर से बुलाए गए झारखंड बंद का जमशेदपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक असर देखने को मिला. बंद समर्थकों ने जगह-जगह टायर जलाकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया. जिसके कारण बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई. बंद का सबसे ज्यादा असर टाटा-हाता रोड में करनडीह चौक पर दिखा. संगठन के महासचिव दुर्गा चरण मुर्मू के नेतृत्व में बंद समर्थकों ने करनडीह चौक जाम कर दिया. जिसके कारण टाटा से हाता, सुंदरनगर, जादूगोड़ा की ओर जाने वाले वाहन सड़क किनारे खड़े हो गए. वही विपरीत दिशा से आने वाले वाहन भी जगह जगह खड़े हो गए.

परसुडीह थाना की पुलिस एवं पुलिस लाइन से आए जवान तैनात दिखे. लेकिन बंद समर्थकों के आगे उनकी एक नहीं चली. मूकदर्शक बनकर पुलिस खड़ी रही. वही बंद समर्थक बीच सड़क पर बैठकर नारेबाजी करते रहे. दूसरी ओर सुंदरनगर से बंद समर्थक करनडीह चौक पहुंच गए हैं. जिसके कारण चौक पूरी तरह जाम हो गया है. लोग पैदल आना-जाना कर रहे हैं. लेकिन कोई भी वाहन आना जाना नहीं कर रहा है. बंद समर्थकों के विरोध को देखते हुए करनडीह एवं सुंदर नगर चौक की दुकानें भी बंद है. हालांकि खासमहल, गोलपहाड़ी एवं परसुडीह क्षेत्र की अधिकांश दुकानें खुली रही.

Related Articles

Back to top button