
Ranchi: मंगलवार को दूसरी पाली की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा के विधायक वेल में आकर हंगामा करने लगे. इसके पहले विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा ने स्पीकर रबीन्द्र नाथ महतो से पूछा कि आपने किस आधार पर जयप्रकाश पटेल को निलंबित किया. उन्होंने स्पीकर को बताया कि जेपी पटेल तो उस दौरान सदन के अंदर थे नहीं. ऐसे में निलंबन का क्या आधार है. उन्होंने कहा कि क्या अब सदन के अंदर भाजपा के विधायक अपनी बात भी नहीं रख सकते हैं. इसके बाद जेपी पटेल का निलंबन वापस लेने की मांग को लेकर विधायक हंगामा करने लगे.
बेकसूर हैं विधायक, हम सभी को करें निलंबित
बिरंचि नारायण ने कहा कि निलंबन गलत हुआ है. भाजपा के सभी विधायकों को निलंबित करें. इसके बाद भाजपा विधायक रिपोर्टिंग टेबल पर चढ़ गए.
पिछली विधानसभा में आप जूता चप्पल चलानेवाले के साथ थे स्पीकर महोदय
सीपी सिंह ने स्पीकर रविन्द्र नाथ महतो से कहा कि महोदय पिछली विधानसभा में जब आप विधायक थे तब उस समय स्पीकर पर जूता चप्पल चलाने वालों के साथ थे. इसपर स्पीकर ने कहा कि क्या आप भी हमारे ही रास्ते पर चलना चाहते हैं.
इसे भी पढ़ें: झारखंड विस सत्र का तीसरा दिन: भाजपा ने विधानसभा मुख्य द्वार पर किया प्रदर्शन, सीएम हेमंत के इस्तीफे की मांग




