
New Delhi: निजी क्षेत्र की विमानन कंपनी जेट एयरवेज ने शुक्रवार को कहा कि आयकर अधिकारी 19 सितंबर से उसके परिसरों का निरीक्षण कर रहे हैं. संकट में चल रही विमानन कंपनी का शेयर बंबई शेयर बाजार में आठ प्रतिशत टूटकर 224.70 रुपये के निचले स्तर तक चला गया. बाद में साढ़े ग्यारह बजे के आसपास तक यह थोड़ा सुधरकर 231.40 रुपये पर आ गया.
इसे भी पढ़ेंःसेंसेक्स 300 अंक सुधरा- निफ्टी पहुंचा 11,300 के पार, रुपया में भी 53 पैसे की मजबूती
19 सितंबर से आयकर का सर्वे
सूत्रों ने बताया कि बुधवार को आयकर विभाग के अधिकारियों ने कंपनी के बहीखातों की जांच की थी. अधिकारियों ने यह जांच खातों में फर्जीवाड़े, संदिग्ध लेनदेन या अन्य किसी तरह के नियमों के उल्लंघन के बारे में पता लगाने के लिए की थी.
शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कंपनी ने बताया कि 19 सितंबर से आयकर अधिकारी उसके परिसरों में निरीक्षण कर रहे हैं. कंपनी ने कहा कि वह अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है और उनके सभी सवालों का जवाब दे रही है.
इसे भी पढ़ेंःचैंबर ऑफ कॉमर्स की नयी टीम की पहली बैठक में वॉलमॉर्ट का विरोध
ज्ञात हो कि जेट एयरवेज वित्तीय संकट से जूझ रही. कथित अनियतताओं के चलते कंपनी पहले से ही भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) और कारपोरेट मामलों के मंत्रालय की निगरानी में है. ज्ञात हो कि अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी को 1,323 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ है.




