
Ranchi: राजधानी रांची में स्मार्ट मीटर लगाये जा रहे है. स्मार्ट मीटर लगाये जाने के साथ ही उपभोक्ताओं की ओर से स्मार्ट मीटर कनेक्शन में तार को शिकायत लेकर मिल रही है. कई मामलों में देखा गया है कि स्मार्ट मीटर लगाने वाली एजेंसी उपभोक्ताओं से तार मांग रही है. हालांकि इस संबध में झारखंड बिजली वितरण निगम ने निर्देश जारी कर दिया है. निगम के जीएम आइटी संजय सिंह ने बताया कि इस संबध में उपभोक्ताओं को सजग रहने की जरूरत है. चयनित एजेंसी को भी निर्देश दे दिया गया है. ऐसे में उपभोक्ता स्मार्ट मीटर लगाने के पहले नियमों को समझ लें. जिन उपभोक्ताओं को नया कनेक्शन में ही स्मार्ट मीटर लगाया जा रहा है, उन उपभोक्ताओं को अपना तार देना है. वहीं, जिन उपभोक्ताओं को पुराना कनेक्शन के तहत मीटर बदले जा रहे है, तो एजेंसी को तार देना है. यहां कटा फटा तार होने पर ही एजेंसी तार बदलेगी. तार सही रहने पर एजेंसी तार नहीं बदलेगी. ऐसे में नये मीटर कनेक्शन वालों को ही तार निशुल्क दिया जायेगा. जानकारी हो कि राजधानी में स्मार्ट मीटर लगाने की जिम्मेदारी एजेंसी जीनस सेक्योर को दी गयी है.
मिली शिकायत
पिछले साल से रांची विद्युत आपूर्ति क्षेत्र में स्मार्ट मीटर रिप्लेस किया जा रहा है. यहां नया मीटर कनेक्शन लेने वालों को भी स्मार्ट मीटर ही लगाया जा रहा है. पिछले दिनों निगम को इस संबध में कई शिकायत मिली. जहां स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान एजेंसी के तार मांगने की शिकायत की गयी. उपभोक्ताओं ने निगम को शिकायत करते हुए बताया कि एजेंसी मीटर लगाने के साथ ही तार मांगती है. जबकि स्मार्ट मीटर निशुल्क लगाया जा रहा है. एजेंसी मुफ्त में तार न देकर उपभोक्ताओं से ही मंगा रही है. हालांकि इन शिकायतों के बाद निगम मुख्यालय ने आदेश भी जारी किया.
तीन लाख मीटर बदले जाने है
रांची में कुल 3 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जाने हैं. अभी 38 हजार मीटर अलग अलग इलाकों में लगाये गये है. इनमें अपर बाजार, मेन रोड, अशोक नगर, कांके, रातु रोड, हरमू इलाका शामिल है. इन इलाकों में स्मार्ट मीटर पायलट प्रोजेक्ट के तहत लगाया गया है. एजेंसी जीनस सेक्योर ने राजधानी रंाची के लिये 145 टीम बनाया है. जो स्मार्ट मीटर पर काम कर रही है.
मुख्यालय की ओर से नंबर जारी
निगम मुख्यालय की ओर से इसके लिये नंबर जारी किया गया है. जहां उपभोक्ता स्मार्ट मीटर से संबधित जानकारी दे सकते है. वहीं, स्मार्ट मीटर की शिकायत भी कर सकते है. ये नंबर 18003456570, 18001238745, 0651-2491510, 7184500 व 2402000 है.




