Corona_UpdatesDhanbadGiridihJharkhandPalamuRanchi

#JantaCurfew: झारखंड में कोरोना को लेकर लोग सजग, रेलवे स्टेशन, बाजार और सड़कों पर पसरा सन्नाटा

Ranchi/Dhanbad/Giridih/Palamu: कोरोना का असर वैश्विक स्तर पर देखने को मिल रहे हैं. मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है. भारत में भी मौत का आंकड़ा बढ़ रहा है. लेकिन सरकार की सजगता और जागरूकता की वजह से इस महामारी पर नियंत्रण की कोशिश की जा रही है.

कोरोना को हराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के नाम संबोधन में 22 मार्च रविवार को जनता कर्फ्यू का आवाहन किया था. जिसमें लोगों से अपील की गयी थी कि लोग सुबह 7:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक घर में रहें और घर से न निकलें, जिससे कोरोना वायरस की जो चेन चल रही है, वह टूटेगी. सार्वजनिक स्थल सेनेटाइज्ड होंगे. लोगों ने प्रधानमंत्री की अपील को सर आंखों पर रखा और कोरोना को हराने के इस कदम में लोगों ने प्रधानमंत्री और देश का साथ दिया.

झारखंड में भी इस महामारी से लड़ने के लिए लोग जागरूक हैं. जनता कर्फ्यू की असर हर जिले में देखने को मिल रहा है. सड़कों, रेलवे स्टेशन,एयरपोर्ट पर सन्नाटा पसरा है. वहीं बाजार पूरी तरह से बंद हैं. हालांकि इक्का-दुक्का लोग सड़क पर नजर आ रहे हैं, जिन्हें कुछ इमरजेंसी है, वे लोग ही घरों से बाहर निकल रहे हैं.

रांची: राजधानी रांची में जनता कर्फ्यू का पूरा असर देखने को मिल रहा हैं. सड़कों पर लोग कहीं-कहीं ही नजर आ रहे हैं. जबकि बड़ी संख्या ऐसी है जो बीमारी को मात देने के लिए घरों में कैद है और परिवार के साथ अच्छा समय बिता रहे हैं.

राजधानी रांची में जनता कर्फ्यू का पूरा असर देखने को मिला. लोग सुबह से ही अपने-अपने घरों में बंद रहे.

बाजार पूरी तरह से बंद हैं. वहीं चौक-चौराहों पर भी सुबह से ही शांति है. सबसे बड़ी बात ये भी देखने को मिली है कि लोग सवेरे जल्दी उठकर दूध और कुछ जरूरी सामान खरीदते नजर आये.

धनबाद: देश की कोयला राजधानी धनबाद में भी जनता कर्फ्यू का असर देखने को मिल रहा है. धनबाद रेलवे स्टेशन पूरी तरह से खाली है. बरटांड़ बस स्टैंड में सन्नाटा पसरा हुआ है. बाजार की सारी दुकानें बंद हैं. सड़क पर भी सन्नाटा छाया हुआ है.

धनबाद के सड़कों और रेलवे स्टेशन पर भी लोग नजर नहीं आये. सभी कोरोना वायरस से लड़ने के लिए जनता कर्फ्यू का पालन कर रहे हैं.

रेलवे स्टेशन पर सन्नाटा पसरा हुआ है. ऐसे तो रेलवे ने भी लगभग सभी ट्रेनों को बंद कर दिया है और 7:00 बजे से पहले जो ट्रेनें दूसरे राज्यों से धनबाद स्टेशन आयीं, उस ट्रेन यात्रियों की भी जांच की गयी और तभी उन्हें जाने दिया गया.
वहीं बरटांड़ बस स्टैंड सहित श्रमिक चौक ऑटो स्टैंड और धनबाद झरिया में सारी दुकानें बंद देखी जा रही हैं. वहीं धनबाद जिला चेंबर ऑफ कॉमर्स ने शनिवार को ही दुकानदारों से दुकानें बंद रखने की भी अपील की थी.

गिरिडीह: जनता कर्फ्यू पर पीएम मोदी की अपील का असर गिरिडीह में भी देखने को मिला है. यहां शनिवार से ही लोग सड़कों पर कम दिखे. लोगोम ने जरूरत का सामान शनिवार को ही खरीद लिया था. हालांकि कुछ लोग सुबह 7 बजे के पहले भी जरूरी सामान खरीदते नजर आये. वहीं रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर सन्नाटा नजर आया.

गिरिडीह में जनता कर्फ्यू का व्यापक असर देखने को मिला. सभी दुकानें बंद रहीं.

पलामू: पलामू में भी जनता कर्फ्यू का व्यापक असर देखा जा रहा है. मेदिनीनगर से खुलने वाली सभी तरह की बसों के परिचालन पर रोक लगायी गयी है, जबकि किसी तरह की ट्रेन नहीं चल रही है. डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन पर पूरी तरह सन्नटा पसरा है. एक यात्री तक नहीं दिख रहा है.

पलामू के बाजरों में पसरा सन्नाटा.

NH39 डालटनगंज रांची और 98 डालटनगंज औरंगाबाद मुख्य पथ जनता कर्फ्यू के कारण पूरी तरह सुनसान है. पलामू पुलिस जनता कर्फ्यू को लेकर पहले ही तैयारी पूरी कर चुकी थी. सुबह 7 बजे पलामू में एक साथ सभी पुलिस के वाहन के सायरन बैंकों के सायरन बज उठे थे, ताकि आम लोगों को पता चल सके कि जनता कर्फ्यू की शुरुआत हो चुकी है. सड़कों से गुजरते हुए पुलिस वाहन सायरन बजाते चल रही है.

जनता कर्फ्यू के दौरान अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की तैयारी की गयी है. कोरोना वायरस(कोविड-19) से बचाव, रोकथाम व उपचार की गंभीरता को संज्ञान में लेते हुए जिले के उपायुक्त डॉ. शांतनु कुमार अग्रहरि ने सभी संबंधितों को निर्देश दिया है कि कोरोना वायरस के संक्रमण से संबंधित किसी भी प्रकार की अफवाह- गलत सूचना या प्रचार किये जाने पर भारतीय दंड संहिता 1860(45 of 1860) की धारा 188 के अंतर्गत तत्काल कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने इसे सख्ती से अनुपालन करने का निदेश दिया है.

बेरमो : बेरमो अनुमंडल के तेनुघाट, फुसरो, बेरमो, कथारा, गोमिया, ललपनिया, बोकारो थर्मल में जनता कर्फ्यू अभूतपूर्व रूप में दिखा. बेरमो के कई स्थानों पर रविवार को लगने वाला साप्ताहिक सब्जी बाजार बंद रहा. मेडिकल दुकानें खुली रहीं. मेडिकल एवं दवा की जरूरत वाले इक्का दुक्का ही घरों से बाहर नजर आये.

#JantaCurfew: झारखंड में कोरोना को लेकर लोग सजग, रेलवे स्टेशन, बाजार और सड़कों पर पसरा सन्नाटा

डीवीसी के पावर प्लांट, ललपनिया टीटीपीएस प्लांट तथा सीसीएल के प्रोजेक्टों में काम करने वाले कामगार एवं अधिकारी तथा हॉस्प्टिल के डॉक्टर एवं कर्मी ही डयूटी पर जाते नजर आये.

रविवार को बेरमो से रांची, गिरिडीह, बोकारो स्टील सिटी, हजारीबाग आदि स्थानों को खुलने वाली सभी तरह की बसों के परिचालन पर रोक लगी रही. सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा.

रेलवे स्टेशन पर भी सन्नाटा देखने को मिला. एक भी यात्री नजर नहीं आया जबकि किसी तरह की ट्रेन भी स्थानीय स्टेशन से होकर नही चल रही है.

सुबह 7 बजने के साथ ही पुलिस के वाहन के सायरन बैंकों के सायरन तथा स्थानीय पावर प्लांट के सायरन बज उठे थे, ताकि आम लोगों को पता चल सके कि जनता कर्फ्यू की शुरुआत हो चुकी है. सड़कों से गुजरते हुए पुलिस वाहन सायरन बजाते चल रहे थे.

इसे भी पढ़ें : #JantaCurfew: न्यूज विंग की खबर का असर, मेडिकल टीम बस स्टैंड तो पहुंची, लेकिन थर्मामीटर से कर रही जांच, देखें वीडियोे

One Comment

  1. 398505 159084I like the valuable information you supply inside your articles. Ill bookmark your weblog and check once more here regularly. Im quite certain Ill learn a lot of new stuff correct here! Excellent luck for the next! 25727

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button