JamshedpurJharkhand

जमशेदपुर: प्रतिभा चयन प्रतियोगिता के अंतिम दिन खिलाड़ियों का हो रहा विशेष कौशल परीक्षण

Jamshedpur : जमशेदपुर के टिनप्लेट स्थित स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में झारखंड सरकार के खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय रांची के सौजन्य एवं पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय प्रतिभा चयन प्रतियोगिता के चौथे व अंतिम दिन गुरुवार को एथलेटिक्स और फुटबॉल खेल से जुड़े बैटरी टेस्ट के उपरांत चयनित खिलाड़ियों का विशेष कौशल परीक्षण हो रहा है, जिसमें प्रत्येक खेल के लिए विशेष रूप से तीन-तीन टेस्ट आयोजित किए जा रहे हैं.

इस प्रतियोगिता के तीसरे दिन सर्वाधिक 219 बालक-बालिकाओं ने शिरकत की. इनमें 88 बालक और 32 बालिकाओं ने सफलतापूर्वक निर्धारित बैटरी टेस्ट की स्पर्धाओं में भाग लिया. इसके अलावा पूर्व घोषित प्रतिभा चयन प्रतियोगिता के तीसरे दिन बैडमिंटन और वॉलीबॉल के चयनित प्रतिभागियों के लिए विशेष कौशल परीक्षण टेस्ट लिया गया. इसमें बैडमिंटन के कुल 17 और वॉलीबॉल के 16 प्रतिभागियों ने भाग लिया. विभिन्न स्पर्धाओं में कुल 149 बालक-बालिकाओं ने बैटरी टेस्ट और विशेष कौशल परीक्षण में सफलतापूर्वक भाग लिया.

इस जिला स्तरीय चयन प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखंडों डुमरिया, मुसाबनी, घाटशिला, पोटका, पटमदा, जमशेदपुर और बोड़ाम के उत्साही बच्चों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए भाग लिया. खेल विशेषज्ञ के रूप में बैडमिंटन, वॉलीबॉल में सुप्रभात पंडा, जयकांत प्रसाद सिंह और अमन लकड़ा ने और डे बोर्डिंग प्रशिक्षिका हैंडबॉल पूनम राय ने योगदान दिया. चयन प्रतियोगिता को संपन्न कराने में जिला खेल संयोजक एसके शर्मा, शासकीय विद्यालयों के शारीरिक शिक्षक, शिक्षिकायें, नेहरू युवा केंद्र पूर्वी सिंहभूम के छह स्वयंसेवकों के अलावा अंतरराष्ट्रीय पूर्व एथलीट एनसी देव, तकनीकी अधिकारी जहां आरा बेगम, डब्ल्यू रहमान, नितिन कुमार, कमलेश कुमार ठाकुर, अमित मुखर्जी, जिला खेल विभाग से नवीन कुमार, ऋषिकेश बारिक, अजय कुमार और मनोज कुमार ने विशेष योगदान देते हुए सफल बनाया.

ये भी पढ़ें- जमशेदपुर : सरयू और काले ने शिव मंदिर में टेका माथा

Related Articles

Back to top button