
Jamshedpur : जमशेदपुर शहर के गैर-कंपनी इलाकों के साथ आसपास के क्षेत्र के लोगों का उमसभरी गर्मी से हाल-बेहाल है. बावजूद इसके गैर-कंपनी इलाकों की बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं आ रही है. इससे लोगों का जीना मुहाल हो गया है. दिन तो फिर भी किसी तरह कट जा रहा है, लेकिन कई क्षेत्र ऐसे हैं जहां लोगों को रतजगा करना पड़ रहा है. हाय गर्मी-उफ करते हुए करवटें बदलते हुए उनकी रात कट रही है. इस बीच बिजली व्यवस्था के जो ताजा हालत हैं उससे यह कहा जा सकता है कि कभी कुछ और रातें लोगों को इसी तरह करवट बदलते हुए काटनी होगी.
यह है कारण
इसका सीधा कारण शहर ही नहीं, बल्कि पूरे कोल्हान को पर्याप्त बिजली नहीं मिलना है. मौजूदा हालात में 400 मेगावाट बिजली की जरूरत है. इसकी तुलना में 325 मेगावाट बिजली की ही सप्लाई हो रही है. इसकी वजह तेनुघाट थर्मल प्लांट में मरम्मत का काम चलना है. इसका असर बिजली निगम के जमशेदपुर और मानगो प्रमंडल समेत अन्य प्रमंडल पर पड़ा है. जमशेदपुर प्रमंडल में 60 और मानगो प्रमंडल में 70 मेगावाट बिजली की खपत होती है, लेकिन इसकी तुलना में दोनों प्रमंडलों को 15 से 20 मेगावाट कम बिजली मिल रही है. कुछ यही हाल शहर और आसपास के अन्य क्षेत्रों का भी है. इससे लोगों की परेशानियां बेहद बढ़ गई हैं.
इन क्षेत्र के लोगों का है हाल-बेहाल
बिजली आपूर्ति व्यवस्था होने से जिन क्षेत्र के लोगों का हाल-बेहाल है उनमें शहर के मानगो क्षेत्र के दाईगुट्टु, आजादनगर, पारडीह के अलावा गोविंदपुर, बागबेड़ा, जुगसलाई, कीताडीह, करनडीह, बिरसानगर, बागुनाहातु और भुइयांडीह के पड़ोसी जिले का आदित्यपुर क्षेत्र भी शामिल है.
पानी की समस्या भी बड़ी परेशानी
बिजली की समस्या उत्पन्न होते ही इन क्षेत्रों पानी की समस्या भी बड़ी परेशानी बन गई है. कई लोगों के घर में मोटर होने के बावजूद पानी टंकी तक नहीं पहुंच पा रहा है. इससे लोग अपने दैनिक काम नहीं कर पा रहे हैं. खासकर महिलाओं को कुछ ज्यादा ही परेशानी झेलनी पड़ रही है. रही बात बच्चों और बुजुर्गों की तो उन्हें तो बिजली-पानी की किल्लत से परेशानी झेलनी ही पड़ रही है.
क्या कहते हैं विभागीय अधिकारी
विद्युत विभाग के अधिकारियों की मानें तो बिजली की समस्या दुरुस्त करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है. विभाग के अधीक्षण अभियंता के मुताबिक इसमें अभी चार दिन और लगेंगे, उसके बाद बिजली आपूर्ति सामान्य होने के बाद लोगों को राहत मिलेगी.
ये भी पढ़ें- Jamshedpur : बहरागोड़ा में बैंक ऑफ इंडिया की एटीएम का शटर काटकर चोरों ने 12 लाख 86 हजार रुपये उड़ाये




