Ranchi : सुशांत सिंह राजपूत की मौत की मिस्ट्री सुलझाने के लिए जिस तरह से दो राज्यों की पुलिस आपस में भिड़ती दिखी, उसी तर्ज पर अब सांसद निशिकांत दुबे पर देवघर में तीन मामलों में केस दर्ज करानेवाले विष्णुकांत झा के मामले में दो राज्यों की पुलिस आमने-सामने होती दिखनेवाली है.
विष्णुकांत झा पर बिहार के भागलपुर के एसटी-एससी थाने में एक एफआइआर दर्ज हुआ है. एफआइआर में आरोपी विष्णुकांत झा हैं. उन पर आरोप है कि भागलपुर जिले के कहलगांव निवासी रवि कुमार को उन्होंने जातिसूचक गाली दी और मारपीट की. रवि कुमार ने आरोप लगाया है कि कहलगांव के शैलेश झा के यहां वो ड्राइवरी करते हैं. जिनकी जान-पहचान विष्णुकांत झा से है. विष्णुकांत झा हमेशा शैलेश के यहां आया-जाया करते थे. इस वजह से वो भी उन्हें जानने लगे. एक दिन रवि गाड़ी लेकर डीजल लेने के लिए जा रहे थे. तभी रास्ते में विष्णुकांत झा मिले और उन्हें देवघर छोड़ने को कहा. रवि कुमार ने जब अपने मालिक से बात करने की बात कही तो विष्णुकांत झा ने रवि कुमार को जाति सूचक गाली दी और मारपीट की. जिसके बाद विष्णुकांत झा पर एसीएसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ.
इसे भी पढ़ें – राज्य विद्युत नियामक आयोग का निर्णय: राज्य में लागू नहीं होगा वन स्टेट वन टैरिफ
विष्णुकांत झा को गिरफ्तार करने तीन बार आ चुकी है बिहार पुलिस
देवघर निवासी विष्णुकांत झा को इस मामले में गिरफ्तार करने के लिए तीन बार बिहार पुलिस देवघर आ चुकी है. मामले को लेकर विष्णुकांत झा ने बिहार से डीजीपी और भागलपुर के एसपी को चिट्ठी लिखी है. विष्णुकांत झा ने डीजीपी को लिखे पत्र में लिखा है कि उन्होंने गोड्डा सांसद के खिलाफ तीन मामले में एफआइआर दर्ज कराया है. इसलिए सांसद ने अपने गृह जिले भागलपुर से बिना किसी वजह से अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए उनके ऊपर एफआइआर दर्ज करायी है. विष्णुकांत ने डीजीपी और एसपी को कहा है कि उनके फोन लोकेशन की जांच की जा सकती है. वो आज तक कभी भी भागलपुर गये ही नहीं हैं.
मैंने नहीं करायी कोई एफआइआरः शिकायतकर्ता
इस मामले पर न्यूज विंग ने शिकायतकर्ता रवि कुमार से बात की. रवि कुमार की तरफ से जो आवेदन भागलपुर पुलिस को दिया गया है, उसमें रवि कुमार का नंबर भी दर्ज है. नंबर पर फोन लगाने के बाद रवि कुमार ने फोन उठाया. उन्होंने यह स्वीकारा की उनका नाम रवि कुमार ही है. मामले पर उन्होंने कहा कि मैंने किसी तरह का कोई भी केस किसी विष्णुकांत झा पर दर्ज नहीं कराया है. उन्होंने कहा कि मुझे कुछ नहीं पता. केस मैंने नहीं कराया है.
विष्णुकांत झा ने निशिकांत और उनकी पत्नी पर कराये हैं तीन FIR
देवघर निवासी ने गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे पर देवघर थाने में तीन मामलों में एफआईआर दर्ज कराया है. पहला मामला एलओकेसी धाम को लेकर है. इस केस में आरोपी निशिकांत दुबे की पत्नी अनामिका गौतम है. वहीं दूसरा केस निशिकांत दुबे के देवघर आवास शिव धाम की खरीद-बिक्री और तीसरा एफआईआर निशिकांत दुबे की एमबीए की डिग्री को लेकर हुआ है. आरोप है कि दिल्ली विश्वविद्यालय से ली गयी सांसद की एमबीए की डिग्री फर्जी है.
इसे भी पढ़ें – झारखंड में नक्सली संगठनों में पड़ी दरार, बढ़े आपसी टकराव के आसार




