
Jamshedpur: पत्नी को आगे कर बागबेड़ा जिला परिषद सीट पर लगातार तीसरी बार कब्जा जमाने का किशोर यादव का दांव बेकार होता दिख रहा है. उनकी पत्नी लक्ष्मी देवी लगातार पीछे चल रही है, जबकि कविता परमार लगातार एक नंबर बनी है. अब तक के जो दृश्य उभरकर सामने आये हैं उसमें कविता परमार की जीत तय मानी जा रही है. अब केवल दो राउंड की गिनती बची है, जबकि कविता परमार अपने निकटतम प्रत्याशी लक्ष्मी देवी से करीब 16 सौ मतों से आगे चल रही है. दो राउंड के सभी मत अगर लक्ष्मी को मिल भी जाते हैं तब भी कविता तकरीबन 11 सौ मतों से बाजी मार ले जाएगी.
इधर मतगणना केन्द्र पर किशोर यादव खेमे में धुकधुकी बढ़ी है, वहीं कविता परमार के खेमे में मतगणना के शुरुआती दौर से ही जश्न का माहौल है. कविता समर्थकों का उत्साह हर राउंड की गिनती के साथ बढ़ता जा रहा है. वे अब मान बैठे हैं कि विजयमाल कविता परमार के गले में ही पड़ेगी. दूसरी ओर किशोर यादव खेमा धीरे-धीरे सिकुड़ता जा रहा है और मतगणना केन्द्र के आस-पास उनके समर्थकों की तदाद भी घटती जा रही है. यह खेमा अपनी हार कबूल करता दिख रहा है. इसकी सीधी वजह मतों की गिनती बढ़ने के साथ-साथ कविता परमार का लगातार अपने निकटतम प्रत्याशी से लीड लेते जाना ही है.




