
Palamu : इन दिनों गांव की सरकार बनाने के लिए ग्रामीण तैयारी में जुट चुके हैं. अपने गांव-टोले के विकास के सपने संजोय प्रत्याशी भी जनसंपर्क में लग चुके हैं. वहीं विभिन्न पदों के लिए नामांकन शुरू हो चुके हैं. तृतीय और चतुर्थ चरण के लिए पंचायत समिति सदस्य के लिए आज सदर अनुमंडल पदाधिकारी के कार्यालय में नामांकन भरे जा रहे थे, लेकिन आज जैसा हजूम अभी तक भरे गए नामांकन के दिन तक नहीं देखा गया था. बताते चलें कि तृतीय चरण के नामांकन का सोमवार 2 मई अंतिम दिन था.
प्रत्याशियों की भारी भीड़ को देखते हुए अनुमंडल कार्यालय परिसर में ध्वनि विस्तारक यंत्र से लोगों को बार-बार सयंम बरतने को कहा जा रहा था. खास बात है कि पंचायत समिति के लिए भरे जा रहे नामांकन में महिला प्रत्याशियों की संख्या सर्वाधिक देखी गयी. महिला प्रत्याशी अपने गांव के विकास के लिए तत्पर दिख रही थी.
इधर, प्रत्याशियों की भारी भीड़ को देखते हुए अनुमंडल कार्यालय परिसर में ही टेंट एवं कुर्सियों की व्यवस्था की गयी है. प्रत्याशी अपनी बारी आने का इंतेजार कर रहे हैं. दूसरी ओर वकालतखाना में भी प्रत्याशी चक्कर लगा रहे हैं. प्रत्याशी अपने नामांकन पत्र लिए अधिवक्तागण के पास जा रहे हैं और फार्म में कोई त्रुटि न रह जाये, इसका पूरा ध्यान रख रहे हैं.
खैर कुल मिलाकर यह कहा जा सकता है कि इस पंचायत चुनाव में, जिस तरीके से महिलाओं की भागीदारी सामने आ रही है उससे स्पष्ट होता है कि हमारे घर की माताएं-बहनें अब जागरूक हो चुकी हैं और राष्ट्र, जिला एवं अपने गांव के विकास के लिए संकल्पित हैं.
इसे भी पढ़ें:BIG NEWS : COVID वैक्सीनेशन के लिए बाध्य नहीं कर सकती सरकार, मौजूदा वैक्सीन नीति अनुचित नहीं : सुप्रीम कोर्ट




