Deoghar

देवघर की खबरें: इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की बैठक में लिए गए कई निर्णय, स्वास्थ्य कर्मचारियों ने की वेतन भुगतान की मांग

Deoghar: हर माह के अंतिम शनिवार को आयोजित होने वाले इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी देवघर शाखा की मासिक बैठक कुछ अपरिहार्य कारणों से सितंबर माह में  आयोजन ससमय नहीं हो पाया था. इसी निमित्त रेड क्रॉस की सितम्बर माह की मासिक बैठक का आयोजन कल 17 अक्टूबर को रेड क्रॉस कार्यालय में रेडक्रॉस चेयरमैन जितेश राजपाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई. सर्वप्रथम कोषाध्यक्ष राजकुमार बरनवाल द्वारा रेड क्रॉस की मासिक लेखा विवरणी एवं वार्षिक लेखा विवरणी की अद्यतन स्थिति के बारे में कार्यकारिणी सदस्यों को अवगत करा कर चर्चा किया गया. साथ ही अब तक विभिन्न कार्यक्रमों में खर्च हुए राशि की ब्योरा कार्यकारिणी के समक्ष प्रस्तुत किया गया. रेड क्रॉस की कोष की स्थिति को सुधारने हेतु प्रत्येक रविवार सभी कार्यकारिणी सदस्य प्रयास करके शहर के लोगों को पेट्रोन एवं वाइस पेट्रोन सदस्य के रूप में जोड़ने हेतु कार्य करेंगे. रेड क्रॉस के अस्वीकृत व रद्द हुई सदस्यता की राशि वापसी के मुद्दे पर रेड क्रॉस का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त सह अध्यक्ष रेड क्रॉस सोसायटी विशाल सागर से मुलाकात कर उनको अवगत कराएगा एवं समाधान हेतु आग्रह करेगा. चेयरमैन जितेश राजपाल ने बताया कि 22 व 23 अक्टूबर को इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी देवघर एवं आईपीसी फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा प्रख्यात किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ विवेकानंद झा की गरिमामय उपस्थिति में दो दिवसीय स्वास्थ जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा. जिसका पंजीयन शुल्क डेढ सौ रुपए होगा और पंजीयन हेतु इच्छुक लोग 19, 20, और 21 अक्टूबर को दिन के 11 बजे से दिन के 2 बजे तक रेडक्रॉस कार्यालय में करा सकते हैं. ज्ञात हो रेडक्रॉस भवन में सशुल्क जांच की भी व्यवस्था है. वहीं दुर्गा पूजा के बाद ब्लड डोनेशन ऑन व्हील्स के तहत एक मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा. वही बहुत जल्द पुनः साइबर अपराध जागरूकता अभियान, आई चेकअप कैंप, स्वास्थ्य जांच शिविर, फर्स्ट ऐड ट्रेनिंग एवं बच्चों के बीच विभिन्न प्रकार का जागरूकता अभियान चलाया जाएगा. आज के बैठक में मुख्य रूप से इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी देवघऱ शाखा के चेयरमैन जितेश राजपाल, वाईस चेयरमैन पीयूष जायसवाल, सचिव निरंजन कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष राजकुमार बर्णवाल, रीता चौरसिया, जिला प्रतिनिधि आनंद साह, कार्यकरिणी सदस्य मयंक राय, नरेंद्र झा, डॉ एनसी गांधी, संगीता सुल्तानिया, विजय प्रताप सनातन, अर्चना भगत उपस्थित थी.

झाचि एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष ने सभी कर्मचारियों के वेतन भुगतान की मांग की

झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र ने दुर्गा पूजा के अवसर पर सभी नियमित, अनुबंध और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को वेतन भुगतान करने की सिविल सर्जन से मांग किया है. उन्होंने कहा कि शीर्ष 2210 व 2211, अनुबंध, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के वेतन मद में आवंटन उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में एनएचएम सहित अन्य उपलब्ध मद से वेतन, मानदेय व पारिश्रमिक के भुगतान का अनुरोध किया गया है, ताकि सभी कर्मचारी दुर्गा पूजा हर्षोल्लास से मना सके. इस पत्र के साथ वित्त विभाग के द्वारा निर्गत वेतन भुगतान संबंधित आदेश तथा एनएचएम में उपलब्ध कराये गये दो करोड़ रूपये के आवंटन पत्र की प्रति भी संलग्न कर दी गई है.

छात्राओं का विदाई समारोह

बुधवार को रमा देवी बाजला महिला महाविद्यालय के इतिहास विभाग द्वारा पहली बार स्नातक सेमेस्टर 6 की छात्राओं का विदाई समारोह धूमधाम से सांस्कृतिक कार्यक्रम अयोजित कर किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन प्राचार्या डॉ सुचिता कुमारी और शिक्षकों द्वारा सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया. प्राचार्या ने सेमेस्टर 6 की छात्राओं को आगे बढ़ने और भविष्य में अच्छी उपलब्धियां प्राप्त कर अपने महाविद्यालय का नाम रौशन करने की शुभकामनाएं दी. सभी शिक्षकों ने छात्राओं को शुभकानाएं दी. विभाग की प्राध्यापिका निशा कुमारी ने कहा की हमारी  छात्राएं हर क्षेत्र में परचम लहराये यही मेरी कामना है. कार्यक्रम में सेमेस्टर 3 और 2 की छात्राओं द्वारा सामूहिक गीत, सामूहिक नृत्य, एकल गान और एकल नृत्य प्रस्तुत किया गया. कार्यक्रम में डॉ रेखा कुमारी गुप्ता, डॉ पीसी दास, ममता कुजूर, डॉ किसलय सिन्हा, डॉ करुणा पंजीयारा, निमिषा होरो, डॉ नृपांशु लता, रजनी कुमारी, डॉ सीमा सिंह, आशा कुमारी, रामरूप मिश्रा, केदार कुमार उपस्थित थे. कार्यक्रम को अयोजित करने में विभाग की पलक, दीपशिखा, काजल, पूजा, खुशबु, ईशा  ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

Related Articles

Back to top button