
Latehar: इंडियन आर्मी की आर्म्स-एम्यूह नेशन, टैंक लदी एक मालगाड़ी सोमवार की सुबह डिरेल हो गई. यह घटना बरकाकाना-बरवाडीह रेलखंड के टोरी जंक्शन के पूर्वी सिग्ननल के पास लाइन बदलने के क्रम में हुई.
मालगाड़ी के डिरेल होने के बाद पूरे इलाके को आर्मी के जवानों ने सुरक्षा घेरा में ले लिया. मौके पर बड़ी संख्या में आर्मी और पुलिस के जवान मौजूद हैं.
घटना के कारण इससे अप लाइन पर करीब साढ़े छह घंटे तक परिचालन बाधित रहा. इस दौरान बरकाकाना से वाराणसी के बीच चलने वाली अप मेमू (बीडीएम) ट्रेन कई घंटे तक टोरी से पीछे के स्टेशन पर खड़ी फंसी रही.
रांची से आर्मी का समान लेकर जा रही थी ट्रेन
मिली जानकारी के अनुसार, आर्मी का सामान लेकर यह मालगाड़ी रांची से जा रही थी. इसी दौरान सोमवार की सुबह टोरी जंक्श न के पूर्वी सिग्नकल के पास रेल लाइन बदलने के दौरान यह हादसा हुआ.

रेलवे के कर्मी डिरेल हुई ट्रेन को ठीक करने में जुट गए हैं. रेल पदाधिकारियों के दिशा-निर्देश में क्षतिग्रस्त पटरियों को दुरुस्त करने का कार्य जारी है.
इस संबंध में किसी भी अधिकारी ने कुछ भी कहने से स्पष्ट इनकार कर दिया. स्थिति सामान्य होने तक सेना के जवानों ने पूरे इलाके को सील रखा. सूचना मिलने पर रेलवे के वरीय अधिकारी भी स्थल पर पहुंचे. ट्रेन के बोगी को पटरी पर लाने का कार्य युद्ध स्तर पर आरंभ किया गया. घटनास्थल पर किसी भी बाहरी व्यक्ति को जाने से रोक लगायी गयी थी.
जान माल की नहीं हुई क्षति
भारतीय सैन्य हथियार लदी मालगाड़ी के डिरेल होने से किसी भी तरह की जान-माल की क्षति नहीं हुई है.
रेलवे सूत्रों के अनुसार, समय-समय पर मिलिट्री स्पेशल ट्रेन धनबाद और मुगलसराय रेलमंडल के बीच से गुजरते रहती है. कभी रामगढ़ तो कभी नामकुम से सेना का सामान लेकर मिलिट्री स्पेशल ट्रेन जाती है.
इसमें सेना का एक यूनिट साथ में जाता है. गोला बारूद, तोप से लेकर युद्धक वाहन तक ले जाये जाते हैं. दुर्घटनाग्रस्त मालगाड़ी पर आर्म्स व्हीकल सहित अन्य सामान लदे हुए थे.
रांची से इंजन को टोरी के लिए रवाना कर दिया गया है.रेस्क्यू कार्य जारी है.
इसे भी पढ़ेंः#Corona की चपेट में शेयर मार्केटः सेंसेक्स 2000 अंकों से धड़ाम, निफ्टी में भी भारी गिरावट




