
Ranchi : साउथ इस्टर्न रेलवे (एसईआर) चालू वित्त वर्ष के अप्रैल से फरवरी के दौरान 176.45 मिलियन टन की रिकॉर्ड लोडिंग के साथ माल ढुलाई में एक नयी ऊंचाई पर पहुंच गया है. इस प्रकार एसईआर ने चालू वित्त वर्ष की समाप्ति से 31 दिन पहले पिछले वित्तीय वर्ष की कुल लोडिंग 175.8 मिलियन टन को पार कर लिया है. वहीं चालू वित्त वर्ष के फरवरी तक, पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि के दौरान 157.58 मिलियन टन की लोडिंग की तुलना में माल ढुलाई में 12% की समग्र वृद्धि हासिल की गयी है.
कोयला लोडिंग में हुई वृद्धि
एसईआर ने फरवरी 2022 तक 37.7 मिलियन टन कोयला लोड किया है और बिजली संयंत्रों को कोयले की निर्बाध आपूर्ति में योगदान दिया है. पिछले वर्ष इसी अवधि के लिए 25.65 मिलियन टन की लोडिंग की तुलना में कोयला लोडिंग में 47% की उल्लेखनीय वृद्धि हासिल की गयी है.
लौह अयस्क लोडिंग में आयी कमी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में लौह अयस्क की बढ़ी हुई कीमत और लौह अयस्क की घटती मांग के प्रभाव से अगस्त, 2021 से लौह अयस्क लोडिंग में कमी आयी है; फिर भी एसईआर ने 97.6 मिलियन टन लौह अयस्क लोडिंग के साथ एक स्थिर प्रदर्शन दिया है जो पिछले वर्ष के 94.91 मिलियन टन की लोडिंग की तुलना में 2.83% अधिक है.
इसे भी पढ़ें : डीसी ने ईवीएम वेयर हाउस का किया निरीक्षण, कहा- ईवीएम के रख-ऱखाव की रिपोर्ट तैयार करें
स्टील लोडिंग में हुई बढ़ोतरी
एसईआर ने फरवरी, 2022 तक 17.51 मिलियन टन स्टील लोड के साथ स्टील लोडिंग में 13.04% की उल्लेखनीय वृद्धि दिखायी है, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष के दौरान फरवरी, 2021 तक 15.49 मिलियन टन स्टील लोड किया गया था.
सीमेंट लोडिंग भी बढ़ा
पिछले वर्ष की तुलना में सीमेंट लोडिंग में 9.38% की वृद्धि हासिल की गयी है. एसईआर फरवरी 2022 तक 12 मिलियन टन सीमेंट का परिवहन करने में सफल रहा है जो पिछले वर्ष की इसी अवधि के लिए 10.97 मिलियन टन था.
इसे भी पढ़ें : होटल कैपिटोल हिल में मिला भेल के डीजीएम का शव, जांच में जुटी पुलिस
ये भी उठाये गये कदम
मुख्यालय और मंडलों में बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट (बीडीयू) की स्थापना माल ढुलाई को बढ़ावा देने के लिए की गयी थी जो बेहतर पहल साबित हुई. ग्राहकों के साथ नियमित बातचीत, माल ढुलाई दर में रियायत और लाभकारी प्रोत्साहन योजनाओं की शुरुआत जैसे ग्राहक अनुकूल कदमों ने नया ट्रैफिक और मौजूदा ट्रैफिक को बढ़ाने में मदद की है.
ऑक्सीजन कई हिस्सों में पहुंचाया
साउथ इस्टर्न रेलवे ने भी चालू वित्त वर्ष में संयंत्रों से देश के विभिन्न हिस्सों में ऑक्सीजन के परिवहन में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है। COVID-19 की दूसरी लहर के दौरान, कुल मिला कर 1375 ऑक्सीजन टैंकर (23,334.65 टन) ले जाने वाले 281 रेकों को एसईआर के अधिकार क्षेत्र में लोड किया गया और देश के विभिन्न हिस्सों में पहुंचाया गया.
इसे भी पढ़ें : U-14 रग्बी राष्ट्रीय चैंपियनशिप: प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंची झारखंड की टीम




