
Ranchi: जेएससीए स्टेडियम, रांची में 27 जनवरी को भारत-न्यूजीलैंड के बीच टी-20 सीरीज का पहला मैच खेला जायेगा. इसके लिए ऑनलाईन टिकटों की बिक्री बुधवार (18 जनवरी) की रात 8 बजे से शुरू हो जाएगी. ऑनलाईन बुकिंग के बाद फिजिकल टिकट 24 जनवरी से 26 जनवरी के बीच लिए जा सकेंगे. जेएससीए प्रबंधन के मुताबिक ऑनलाईन टिकट बुक कराने वाले लोग 24-26 जनवरी को स्टेडियम के वेस्ट गेट पर स्थित डेडिकेटेड बॉक्स ऑफिस के समीप टिकट काउंटर से टिकट ले सकेंगे. इसके लिए सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक और दोपहर 2 बजे से शाम 4.30 बजे तक टिकट वितरण का समय तय किया गया है. प्रावधान के अनुसार एक व्यक्ति को अधिकतम 2 टिकट मिलेंगे. इस दौरान आधार कार्ड भी साथ रखना होगा.
ऑनलाइन टिकट के लिए प्रावधान
टी-20 मैच के लिए ऑनलाइन टिकट की बुकिंग बुधवार से होनी है. पेटीएम एप्प के अलावा वेबसाइट www.insider.in से टिकट बुक किये जा सकते हैं. कुछ टिकट ही ऐसे होंगे जिसकी होम डिलीवरी रांची में रहने वाले लोगों को किए जा सकेंगे.
इसे भी पढ़ें: U-17 खिलाड़ियों के लिए टाटा फुटबॉल अकादमी से जुड़ने का मौका, जानें किन शर्तों का पालन जरूरी




