
Ranchi: राज्य के 18 जिलों में हीट वेव की स्थिति है. पलामू, चतरा, गढ़वा में पारा 45 के पार है. लोगों को मानसून का इंतजार है. वहीं अब मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जानकारी दी गयी है कि इस बार राज्य में मानसून की फुहारे देर से बरसेंगी. पहले जहां अनुमान था कि मानसून 13 जून तक राज्य में प्रवेश करेगी. वहीं अब इसके 20 जून तक प्रवेश की जानकारी दी जा रही है. मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो पिछले दिनों बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया बना था, जो कमजोर पड़ गया. लो प्रेशर के कमजोर होने से मानसून की गति पर असर पड़ा है. जिससे मानसून की गति धीमी हो गयी है. मानसून का प्रवेश झारखंड में 20 जून तक होने की संभावना जतायी जा रही है. ऐसे में लोगों को 20 जून तक गर्मी और उमस का कहर झेलना होगा.
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 16 जून तक पूरे राज्य में गर्मी की विषम स्थिति बनी रहेगी. अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस डाल्टनगंज, चतरा, गढ़वा का दर्ज किया गया. राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया.
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य में कहीं कहीं मेघगर्जन और आंधी के साथ हल्की वर्षा हुई. सबसे अधिक वर्षा 10.2 मिमी दुमका के हरिपुर में रिकार्ड की गई. राज्य के उत्तर पश्चिमी हिस्से में कुछ जगहों पर हीटवेव का सर्वाधिक असर देखने को मिला.




