
Jamshedpur: जिला परिषद क्षेत्र संख्या 6 में कुसुम पूर्ति की जीत तय मानी जा रही है. वह 4350 वोट हासिल कर 1262 मतों से अपने प्रतिद्वंद् से आगे चल रही हैं. समाचार लिखे जाने तक जुगसलाई के झामुमो विधायक मंगल कालिंदी समर्थित सोमा देवी दूसरे स्थान पर हैं. सोमा को 3088 मत मिले हैं. लगातार बढ़त बनाकर चल रहीं कुसुम पूर्ति के समर्थकों की तादात मतगणना केंद्र के बाहर बढ़ने लगी है. जीत का जश्न मनाने की मुकम्मल तैयारी है. यहां निवर्तमान जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह भी पहुंच गए हैं. महिला के लिए सीट आरक्षित होने की वजह से वे इसबार चुनावी अखाड़े से बाहर हैं. कुसुम पूर्ति राजकुमार समर्थित प्रत्याशी हैं.
उम्मीदवार कुसुम पूर्ति पहली बार चुनाव मैदान में किस्मत आजमाने उतरी और जीत की राह पर आगे बढ़ गईं. कुसुम ने चुनाव प्रचार के दौरान लोगों के जीवन में बदलाव लाने की चाहत के प्रति आश्वस्त किया और भरोसा जीतने में कामयाब रहीं. राजनीति में कुसुम का यह पहला कदम है. कुसुम पूर्ति के पहले पिछले दो टर्म से जिला परिषद के निवर्तमान उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह इस क्षेत्र से चुनाव जीतते आ रहे थे और वह क्षेत्र की जनता के बीच आज भी काफी लोकप्रिय हैं. खासकर पूरे कोरोना काल में क्षेत्र की जनता के बीच प्रतिदिन नि:शुल्क भोजन और खाद्यान्न वितरण को जनता अभी भी काफी याद करती है. इसके अलावा क्षेत्र के लोगों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने, दर्जनों स्कूली बच्चों की फीस जमा कर उन्हें शिक्षा से जोड़े रखने तथा पठन-पाठन सामग्री उपलब्ध कराने जैसे कामों की चर्चा इस चुनाव में हो रही है. कुसुम पूर्ति को राजकुमार सिंह का समर्थन हासिल होना फायदेमंद साबित हुआ.




