
Dhanbad: धनबाद में अपराधी पूरी तरह बेखौफ हो चुके हैं. लोयाबाद में बीती रात अपराधियों ने एक हाइवा से पुलिस और सीआईएसएफ के दो पेट्रोलिंग वाहनों को इरादतन टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया. दोनों गश्ती वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं. गश्ती वाहन में सवार लोयाबाद थाना के एएसआई केपी यादव, चालक व दो पुलिस जवान घायल हो गये. पुलिस ने आशंका जतायी है कि हाइवा में सवार अपराधी कोयला लूट की योजना बना रहे थे. पुलिस टीम ने हाइवा का पीछा किया, तो अपराधियों ने जान बूझकर गश्ती वाहनों को हाइवा से रौंदने की कोशिश की.

लोयाबाद थाना के गश्तीदल में शामिल एएसआई केपी सिंह ने बताया कि घटना रात के करीब डेढ़ बजे की है. एकड़ा में एक खाली हाइवा के पास कुछ लोग खड़े होकर कहा सुनी कर रहे थे. वह गश्ती वाहन को रोककर उनसे पूछताछ के लिए उतरे. उनसे पूछताछ चल ही रही थी कि अपराधी धक्का देकर हाइवा लेकर भाग निकले.
हाइवा ने सड़क पर लगे पुलिस की बैरियर को भी उड़ा उड़ा दिया. सीआईएसएफ के गश्तीदल को भी मामले की जानकारी तो उसने भी अपराधियों का पीछा किया. इसपर हाइवा ने सीआईएसएफ की गश्ती वाहन को टक्कर मार दी. पुलिस का गश्ती वाहन हाइवा का पीछा करते हुए आगे बढ़ गया.

इस गश्ती दल ने अपनी गाड़ी रोड के किनारे रोक दी. पुलिस के लोग हाइवा का इंतजार करने लगे. इसके बाद पीछे से आये हाइवा ने गश्ती वाहन में जोरदार टक्कर मार दी. गश्ती वाहन में सवार एएसआई केपी यादव, चालक समेत पुलिस के अन्य दो जवान घायल हो गए. केपी यादव का इलाज एसएनएमएमसीएच अस्पताल में चल रहा है.
पुलिस ने टक्कर मारने वाले हाइवा को जब्त कर लिया है, लेकिन हाइवा चालक और अपराधी भागने में सफल रहे. पुलिस उनकी तलाश में छापामारी कर रही है.




