
Rahul Kumar
Ranchi: जेएमएम जमशेदपुर को छोड़कर अपने सभी उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. राजमहल में जेएमएम ने अपने उम्मीदवार को रिपीट किया है. एक बार फिर से विजय हांसदा को वहां से उम्मीदवार बनाया गया है. बाकी सभी तीनों जगहों से पार्टी ने अपने विधायकों पर ही दांव लगाया है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या जेएमएम के पास जननेताओं का टोटा हो गया है. क्या अब जेएमएम में वही गिने-चुने जननेता बच गए हैं, जो विधायकी का और साथ में लोकसभा का भी चुनाव लड़ेंगे. या फिर चुनाव नतीजों से पहले ही जेएमएम सरेंडर मोड में चला गया है. ऐसी तमाम तरह की बातों से चर्चा का बाजार गर्म है.
जेएमएम के हार्डकोर नेता लोबिन भी हुए नाराज
एक तरफ जहां जेएमएम में जननेताओं की कमी दिखाई दे रही है, तो दूसरी तरफ विधायक लोबिन हेंब्रम जेएमएम छोड़ने के मूड में दिखाई दे रहे है. कभी पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन से कंधा से कंधा मिलाकर झारखंड राज्य के लिए आंदोलन लड़ने वाले और अलग राज्य की लड़नी में अहम भूमिका निभाने वाले लोबिन हेम्ब्रम जेएमएम से अलग होते दिखाई दे रहे हैं. राजमहल सीट से सांसद विजय हांसदा को पार्टी ने फिर उम्मीदवार बनाए जाने के बाद लोबान हेंब्रम इसी लोकसभा सीट निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुके है.
इस बार के लोकसभा चुनाव में जेएमएम ने चार लोकसभा सीट पर उम्मीदवारों की घोषणा की है. वो लगातार मीडिया में बयान दे रहे हैं. जीत की गारंटी दे रहे हैं. अगर वो चुनावी मैदान में उतरते हैं, तो जाहिर तौर पर बीजेपी को वहां फायदा होगा. निश्चित तौर पर वो विजय हांसदा के वोटों में ही सेंध लगाएंगे. ऐसे में राजमहल में लोबिन हेम्ब्रम जेएमएम के लिए मुश्किल बन सकते हैं.
चुनावी मैदान में कौन-कौन विधायक
राज्य में जेएमएम इंडी गठबंधन के अंदर चुनाव लड़ रही समझौते के मुताबिक जेएमएम को पांच लोकसभा सीटों पर पार्टी के उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे. जिसमें से चार उम्मीदवारों की घोषणा अबतक हो चुकी है. जिसमें तीन विधायक हैं जो लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे. दुमका लोकसभा सीट से शिकरीपाड़ा विधायक नलिन सोरेन, गिरिडीह से टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो, सिंहभूम (चाईबासा) से मनोहरपुर विधायक जोबा माझी के साथ राजमहल से एक मात्र सांसद विजय हांसदा को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है. ऐसे में चर्चा यह हो रही है कि क्या जेएमएम के पास जन नेताओं की कमी हो गई है. जिसके कारण पुराने चेहरों पर दांव खेल रही है.




