
ओडिशा की ओर बढ़ रहा फेनी चक्रवात, एक से पांच मई के बीच झारखंड में बारिश की संभावना
अगले पांच दिनों में दो से तीन डिग्री तापमान में गिरावट की संभावना
Ranchi: झारखंड में भी फेनी चक्रवात का असर दिखने लगा है. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, फेनी चक्रवात फिलहाल बंगाल की खाड़ी तक है. यह चक्रवात ओडिशा के तटीय क्षेत्र की ओर बढ़ रहा है. चार मई को ओडिशा के तटीय इलाकों में पहुंचेगा.
इसका असर झारखंड में तीन, चार और पांच मई को दिखेगा. झारखंड में अगले पांच दिनों तक गर्मी से राहत मिलेगी. मौसम भी बदलेगा, आसमान में बादल छाए रहेंगे और बारिश भी होने की आशंका जताई गई है.
राजधानी सहित कई इलाकों में आंधी-पानी
दोपहर से पहले पारा पहुंच गया था 41 डिग्री
राजधानी रांची का पारा 41 डिग्री तक पहुंच गया था. भारतीय मौसम के अनुसार, एक मई से दोपहर बाद झारखंड में गरज के साथ बारिश हो सकती है. 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. एक मई को दक्षिणी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में बारिश होने के आसार हैं.
दो और तीन मई को रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, देवघर, दुमका, धनबाद, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ तथा साहिबगंज में बारिश के साथ तेज रफ्तार हवा चल सकती है. तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट की संभावना है.




