Education & CareerJharkhandMain SliderRanchi

NIRF RANKING में बीआइटी मेसरा का तिलिस्म टूटा, IIM रांची देश में 20वें स्थान पर

Rahul Guru

Ranchi : मानव संसाधन विकास विभाग ने देश भर के शैक्षणिक संस्थानों की रैंकिंग जारी की है. नेशनल इंस्टीट्यूट रैंकिंग फ्रेमवर्क नाम से वर्ष 2020 की रैंकिंग जारी की गयी है.

इस रैंकिंग में 10 विभिन्न कैटेगरी में रैंकिंग दी जाती है. एनआइआरएफ की ओर से जारी रैंकिंग में बीआइटी मेसरा का तिलिस्म टूटा है. साल 2019 के मुकाबले इस वर्ष की रैंकिंग में बीआइटी मेसरा यूनिवर्सिटी, इंजीनियरिंग, फॉर्मेसी और आर्किटेक्चर कैटगरी में पिछड़ी है.

जबकि राज्य में फॉर्मेसी और आर्किटेक्चर की पढ़ाई यहीं होती है. बीआइटी ने केवल मैनेजमेंट कैटेगरी में केवल चार रैंक की बढ़त पायी है.

वहीं राज्य के अन्य संस्थानों की बात करें तो साल 2019 के मुकाबले 2020 की ओवरऑल रैंकिंग में आइआइटी धनबाद को देश में 22वां स्थान मिला है. वहीं बीआइटी मेसरा 85 वें स्थान पर बना हुआ है.

यूनिवर्सिटी कैटेगरी में बीआइटी मेसरा को 66वां स्थान मिला है. इंजीनियरिंग संस्थानों की रैंकिंग में आइआइटी धनबाद को 12वां, बीआइटी रांची को 38वां, एनआइटी जमशेदपुर को 79 और निफ्ट हटिया को 148 वां स्थान मिला है.

इसी तरह मैनेजमेंट संस्थान की कैटेगरी में एक्सएलआरआइ जमशेदपुर को 9वां, आइआइएम रांची को 20वां और आइआइटी धनबाद को 29 वां स्थान मिला है.

बीआइटी मेसरा इस कैटेगरी में 58 वें स्थान पर है. फार्मेसी कैटेगरी में बीआइटी मेसरा को 16 और आर्किटेक्चर कैटेगरी में 13 वां स्थान मिला है.

इसे भी पढ़ें – आरक्षण किसी का मौलिक अधिकार नहीं :  NEET में 50 फीसदी रिजर्वेशन मामले में SC की अहम टिप्पणी

2019 में राज्य के संस्थानों की रैंकिंग

2019 के एनआइआरएफ रैंकिंग की बात करें तो ओवरऑल कैटेगरी में आइआइटी धनबाद को 25वां, बीआइटी रांची को 85वां रैंक मिला था. यूनिवर्सिटी कैटेगरी में बीआइटी रांची को 59 वा रैंक मिला था.

इंजीनियरिंग कैटेगरी में आइआइटी धनबाद को 15वां, बीआइटी रांची को 33वां, एनआइटी जमशेदपुर को 130वां रैंक मिला था.

मैनेजमेंट कैटेगरी में एक्सएलआरआइ जमशेदपुर को सातवां, आइआइएम रांची को 28वां, आइआइटी धनबाद को 32वां और बीआइटी मेसरा को 61 वां स्थान मिला था.

फार्मेसी कैटेगरी में बीआइटी को 11वां और आर्किटेक्चर कैटेगरी में 10वां रैंक मिला था.

आइआइटी मद्रास को प्रथम स्थान

मानव संसाधन विकास मंत्रालय के नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क की साल 2020 की रैकिंग में सम्पूर्ण संस्थान (ओवरआल) श्रेणी में आइआइटी मद्रास को प्रथम, भारतीय विज्ञान संस्थान, बेंगलुरू को द्वितीय और आइआइटी दिल्ली को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है.

विश्वविद्यालयों की श्रेणी में भारतीय विज्ञान संस्थान, बेंगलुरू को प्रथम, जवाहर लाल विश्वविद्यालय, दिल्ली को द्वितीय और बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय, बनारस को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है.

केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने ऑनलाइन माध्यम से नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआइआरएफ) की साल 2020 रैंकिंग की सूची जारी की.

एनआइआरएफ रैंकिंग में इंजीनियरिंग संस्थानों की श्रेणी में आइआइटी मद्रास को प्रथम, आइआइटी दिल्ली को द्वितीय और आइआइटी बम्बई को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ. इसी प्रकार से प्रबंधन संस्थानों की श्रेणी में आइआइएम अहमदाबाद को प्रथम, आइआइएम बेंगलुरू को द्वितीय और आइआइएम कलकता को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ.

एनआइआरएफ की कालेजों की श्रेणी में रैंकिंग में मिरांडा हाउस दिल्ली को प्रथम, लेडी श्रीराम कॉलेज दिल्ली को द्वितीय और हिन्दू कॉलेज नयी दिल्ली को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है. चिकित्सा संस्थानों की श्रेणी में एम्स दिल्ली को प्रथम, पीजीआइएमइआर चंडीगढ़ को द्वितीय और क्रिश्चन मेडिकल कालेज, वेल्लोर को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ.

विधि संस्थानों की श्रेणी में पहला स्थान नेशनल लॉ कालेज बेंगलुरू को प्राप्त हुआ जबकि फार्मेसी संस्थानों की श्रेणी में जामिया हमदर्द दिल्ली को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ.

इस अवसर पर मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि विभिन्न मानदंडों पर रैंकिंग से संस्थानों के मूल्यांकन से अनुसंधान को प्रोत्साहन मिलेगा और गुणवत्ता बेहतर होगी। इससे संस्थानों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी.

उन्होंने कहा कि शिक्षा अधिगम, परिणाम, संसाधन, शिक्षण स्तर आदि मानदंडों के आधार पर सभी चयनित संस्थानों, विश्वविद्यालयों, कॉलेजों एवं अन्य संस्थानों का मूल्यांकन एवं समीक्षा की गयी है और इससे देश में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ेगी.

उन्होंने कहा कि 45,000 कॉलेजों, 1000 विश्वविद्यालयों और अन्य संस्थानों का मूल्यांकन होना चाहिए। इससे इनकी गुणवत्ता बढ़ेगी.

इसे भी पढ़ें – अपनी ही Online क्लासेस में फेल शिक्षा विभाग, दो माह में आधे स्टूडेंट्स भी नहीं जोड़ पाया

क्या है एनआइआरएफ रैंकिंग

29 सितंबर 2015 को तत्कालीन केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री द्वारा एनआइआरएफ रैंकिंग की शुरुआत हुई थी. तब से हर साल मंत्रालय ये रैंकिंग जारी करता है.

इसमें हर क्षेत्र के भारतीय शैक्षणिक संस्थानों को विभिन्न मानकों पर उनकी उत्कृष्टता के आधार पर नेशनल रैंक दी जाती है.

टीचिंग, लर्निंग एंड रिसोर्सेस, रिसर्च एंड प्रोफेशनल प्रैक्टिसेस, ग्रेजुएशन आउटकम, आउटरीज एंड इन्क्लूसिविटी और परसेप्शन के आधार पर संस्थानों को अंक दिये जाते हैं.

इसे भी पढ़ें – बढ़ते Corona संक्रमण को देख कर झारखंड में फिर लागू हो सकता है संपूर्ण लॉकडाउन!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button