
- जामताड़ा में बिजली विभाग ने 650 बकायेदारों का काट दिया है बिजली कनेक्शन
- विधायक बोले- दुमका उपचुनाव के मद्देनजर भाजपा के इशारे पर सरकार के प्रति गलत संदेश दे रहे अधिकारी
- कहा- विभाग के अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करेगी सरकार
Jamtara : बिजली विभाग ने जामताड़ा में बिजली बिल के 650 बकायेदारों का बिजली कनेक्शन काट दिया है. बिजली विभाग की इस कार्रवाई से जामताड़ा विधायक डॉ इरफान अंसारी नाराज हो गये हैं. उन्होंने विभाग के पदाधिकारियों पर भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि बिजली विभाग के पदाधिकारी भाजपा के इशारे पर काम करना बंद करें. एक साजिश के तहत बिजली कनेक्शन काटा जा रहा है, जिसे वह कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे. सरकार इसे गंभीरता से लेगी और वैसे पदाधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करेगी.
इसे भी पढ़ें – लालू प्रसाद की जमानत पर विशेष सुनवाई के लिए हाइकोर्ट से किया गया आग्रह
“दुमका में बसंत सोरेन को हराने के लिए भाजपा के इशारे पर ऐसा कर रहे कुछ पदाधिकारी”
विधायक ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है. झारखंड को उसका हक नहीं मिल रहा है. दूसरी तरफ भाजपा के इशारे पर कुछ पदाधिकारी दुमका उपचुनाव को देखते हुए जानबूझकर महागठबंधन के प्रत्याशी बसंत सोरेन को हराने के लिए इस तरह का संदेश देना चाह रहे हैं. पूरे राज्य में एक गलत संदेश देने का काम कुछ अधिकारी कर रहे हैं, जिसे वह किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे.
इसे भी पढ़ें – सरकारी स्कूलों के छात्र ही बताएंगे, कौन सी पुस्तक वे पढ़ना चाहते हैं
फिर से बहाल करायेंगे बिजली कनेक्शन
डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि जनता इनके बहकावे में नहीं आनेवाली है. भाजपा जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है. उन्होंने जनता से ऐसे लोगों से बचने की अपील की. कहा कि उन्होंने विभाग के जीएम, एई और कार्यपालक अभियंता से बात की है. इस पर जल्द से जल्द उचित निर्णय लिया जायेगा और काटे गये बिजली कनेक्शन को फिर से बहाल कराया जायेगा. विधायक ने कहा कि जरूरत पड़ी, तो वह मुख्यमंत्री से भी मिलकर इस मामले को उठायेंगे और उपभोक्ताओं को राहत दिलायेंगे.
इसे भी पढ़ें – जनता समझ चुकी है, राज्य की सुरक्षा जेएमएम के हाथों में है : सुप्रियो भट्टाचार्य
लॉकडाउन के सताये लोगों पर यह बड़ी मार
विधायक ने कहा कि लॉकडाउन के कारण जनता की स्थिति पहले से ही बहुत खराब है. पिछले नौ महीने से सारा कामधाम चौपट हो गया है. गरीब किसान अभी धान कटनी में व्यस्त हैं. ऐसे में अचानक से विभाग द्वारा इतनी बड़ी मार यह लोग झेल पाने में असमर्थ हैं. इसलिए, वह सरकार से मांग करेंगे कि इस मामले को अविलंब संज्ञान में लेते हुए ऐसे उपभोक्ताओं को राहत देने का काम करें.
इसे भी पढ़ें – रिम्स ब्वॉयज हॉस्टल में लगी आग, मेडिकल स्टूडेंट बाल-बाल बचा




