DhanbadJharkhandLead News

धनबाद: जख्मी SI हिमांशु कुमार को दुआ की जरूरत, नौ दिन बाद भी नहीं आया होश

Dhanbad: धनबाद के सिंदरी में गत 25 अगस्त को पुलिस पर हमला, पुलिस की वर्दी फाड़ने, तोड़फोड़, हिंसक शक्ति प्रदर्शन, फायरिंग मामले में उपद्रवियों के प्रहार से गंभीर जख्मी हुए युवा जांबाज SI हिमांशु कुमार की स्थिति यथावत बनी हुई है. हिमांशु को दवा के साथ अब दुआ की भी जरूरत है. नौ दिन बाद भी होश नहीं आया है. झारखंड पुलिस एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल से सूबे के DGP ने कहा कि सब इंस्पेक्टर हिमांशु कुमार को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराने के लिए राज्य सरकार और पुलिस परिवार तत्पर है. शुक्रवार को झारखंड पुलिस एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल डीजीपी से मिले और जख्मी इलाजरत दरोगा हिमांशु कुमार को बेहतर इलाज मुहैया कराने की गुजारिश की, ज्ञापन सौंपा.

झारखंड पुलिस एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष योगेंद्र सिंह के नेतृत्व में डीजीपी से मिलने वाले प्रतिनिधि मंडल ने उन्हें हिमांशु कुमार के साथ घटी घटना और उसकी स्थिति के बारे में बताया. प्रतिनिधिमंडल में अरविंद यादव, अक्षय राम, मो महताब आलम,अंजली यादव भी थे. प्रांतीय टीम ने कहा कि हिमांशु कुमार के दुख की घड़ी में सूबे की पुलिस परिवार उनके साथ खड़ी है.

डीजीपी ने प्रतिनिधिमंडल से कहा कि उन्हें हर पल की जानकारी है. हिमांशु कुमार को बेहतर चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उन्हें कहीं अन्यत्र ले जाने के लिए एयर एंबुलेंस तक लाइन अप किया गया है. दुर्गापुर के जिस हॉस्पिटल में हिमांशु कुमार भर्ती हैं. बस, उनकी स्थिति स्टेबल हो जाए और वहां के डॉक्टर अन्यत्र ले जाने की अनुमति दे दें. इसी क्षण का इंतजार किया जा रहा है. मिशन हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने भी कहा है कि पेशेंट स्टेबल हो जाए तो उसे अन्यत्र ले जाया जा सकता है.

वहीं इसके ठीक उलट धनबाद के नेता तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे हैं और जिले की जनता के साथ प्रदेश की जनता को दिगभ्रमित किया जा रहा है. बलियापुर के बड़ादाहा में एक बड़ा राजनीतिक तानाबाना बुना जा रहा है. खतिहानी नेता और आरोपी जयराम महतो, कांग्रेश प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो, खतिहानी आंदोलन नेता और पूर्व सिल्ली विधायक अमित महतो पहुंच पुलिस को कोसा लेकिन, जख्मी दरोगा के प्रति संवेदना नहीं जताया. बिनोद बिहारी महतो की जन्मस्थली से उनके वंशज किरण महतो की पिटाई को मुद्दा बनाकर आंदोलन की पृष्ठभूमि तैयार हो रहा है. वहीं इस पूरे प्रकरण में झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता और विधायक चुप्पी साधे हुए हैं. टुंडी विधायक मथुरा महतो भी चुप हैं. इसके सियासी मायने हैं.

जबकि, पुलिस अपने ही समाज का अभिन्न अंग है. नेता हों, व्यापारी हों, या एक साधारण जनता. सभी पुलिस के कारण अपने को महफूज समझते हैं. फिर युवा पुलिस ऑफिसर हिमांशु कुमार तो कर्तव्य निभाते वक्त उपद्रवियों के हाथों गंभीर रूप से जख्मी हुआ है. ऐसे में धनबाद कोयलांचल में सक्रिय राजनीति से जुड़े नेता को घायल युवा पुलिस ऑफिसर के प्रति हमदर्दी जताते नजर आना चाहिए. सदभावना बनाने की कोशिश होनी चाहिए लेकिन तुष्टिकरण की राजधानी से लोतप्रोत नेता पुलिस पर सवाल उठा रहे हैं और हिंसक हमले को जायज ठहरा रहे हैं.

धनबाद जिला के लोगों को चाहिए कि जिला बल के इस युवा ऑफिसर के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए वह दुआ मांगे. हम कोयलांचल के हर वर्ग के लोगों से अपील करते हैं कि आप किसी के भी सुख दुख में हमेशा बढ़ चढ़ कर अपना कर्तव्य निभाते रहे हैं. आज अपने एक युवा जाबांज पुलिस ऑफिसर के बेहतर स्वास्थ्य के लिए “दुआ” मांगने की जरूरत है. कहते हैं कभी कभी दवा से ज्यादा दुआ काम कर जाता है. जो अपनी जान की बाजी लगाकर इस समाज के लिए अपना कर्तव्य निभाता है आज उसके लिए हम सभी का हाथ प्रार्थना और दुआ के लिए शायद जरूर उठना चाहिए.

इसे भी पढ़ें: डेंगू, चिकनगुनिया की पड़ताल के लिए डोर टू डोर कैंपेन को NGO से मदद लेगी सरकार

Related Articles

Back to top button