
Dhanbad : तजमुन निशा पढ़ना चाहती है. लेकिन ससुराल वालों को यह मंजूर नहीं है. साल भर पहले ही तजमुन निशा का निकाह पास के गांव के शहनाज अंसारी से हुआ. शादी के कुछ दिनों बाद से ससुरालवाले दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे. दहेज के लिए उसके साथ मारपीट की गयी. आरोप है कि जहर देकर जान लेने की कोशिश की गयी. इससे भी मन नहीं भरा तो शहनाज ने रजिस्ट्री के माध्यम से खत लिखकर तीन तलाक दे दिया. सोमवार को पीड़िता ग्रामीण एसपी अमन कुमार से न्याय की गुहार लगाने आयी थी.
शौहर और ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे
तजमुन निशा ने बताया कि उसका निकाह शहनाज अंसारी से 15 दिसंबर 2018 को हुआ था. लेकिन निकाह के कुछ दिन बाद ही शौहर औऱ ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे. ससुराल वाले एक चार चक्का गाड़ी और दो लाख रुपये देने की मांग कर रहे थे. इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की जाने लगी. इसी साल 31 मई को खाने में जहर देकर जान लेने की कोशिश की. लड़की वाले फिर भी चुप रहे. बाद में ससुराल वालों ने उसे मायके भेज दिया. कहा कि आना तो दहेज लेकर आना, वर्ना नहीं आना. तजमुन निशा ने कहा कि कुछ दिन बाद शौहर ने रजिस्ट्री के माध्यम से उसे तलाक भेज दिया.
इसे भी पढ़ें – #CoalIndia: कोल इंडिया में पीआरपी पर हुआ फैसला, ईसीएल के करीब दो हजार अधिकारी होंगे लाभान्वित
पुलिस नहीं कर रही है कार्रवाई
पीड़िता ने कहा कि मामले की प्राथमिकी दर्ज करायी जा रही है बावजूद इसके पुलिस उसके शौहर को गिरफ्तार नहीं कर रही है. वह थाना का चक्कर लगा-लगाकर थक चुकी है. ग्रामीण एसपी अमन कुमार ने इस संबंध में कहा कि तजमुन निशा ने अपने शौहर और ससुरालवालों पर दो मुकदमे दर्ज कराये हैं, पहला जहर देने और प्रताड़ित करने का और दूसरा तीन तलाक का. इन मामलों में आरोपी शहनाज अंसारी के खिलाफ कार्रवाई की जाये.
इसे भी पढ़ें – #AlQaeda का गढ़ तो नहीं बन रहा जमशेदपुर! अबतक गिरफ्तार हुए 12 संदिग्ध आतंकियों के जुड़ चुके हैं तार




