
Jamshedpur : सिदगोड़ा थाना अंतर्गत बागुननगर शिव मंदिर लाइन के रहने वाले सुरेश पांडे को बारीडीह बस्ती के नागाडुंगरी के रहने वाले राजू से बकाया दो हजार रुपया मांगना महंगा पड़ा. राजू ने उसे उधार चुकता करने की बात कहकर नागाड़ुंगरी बुलाया और उसकी रॉड से हमला कर दिया. इस घटना में सुरेश बुरी तरह से घायल हो गया है. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है.
पुट्टी के काम का रुपये था बकाया
घायल सुरेश के मुताबिक करीब पांच महीने पहले वह राजू के साथ मिलकर चूना-पुट्टी का काम करता था. उसी दौरान उसका राजू के पास दो हजार रुपया बकाया रह गया. तभी सुरेश की नानी की मौत हो गई. उसके बाद वह काम के सिलसिले में भुनेश्वर चल गया था. दो दिन पहले शहर लौटने के बाद से वह राजू से रुपये की मांग कर रहा था. जबकि राजू रुपये देने में आनाकानी कर रहा था. इसकी शिकायत गुरुवार की शाम सुरेश ने अपने साथी के साथ जाकर राजू के मौसा से की थी.
घर पर बुलाकर किया हमला
उसके बाद राजू ने सुरेश को शाम सात बजे रुपये लौटाने की बात कहकर अपने घर बुलाया. उसके बाद सुरेश जैसे ही उसके घर पहुंचा, राजू घर के अंदर से रॉड लेकर उसके पास आया और उसे मारने-पीटने लगा. इस घटना में सुरेश के सिर, पैर और हाथ में गंभीर चोट लगी है.
घटना के बाद आरोपी हो गया है फरार
इस बीच राजू मौके से फरार हो गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद सुरेश के साथी मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लाकर भर्ती कराया. इस मामले में सुरेश ने राजू के खिलाफ सिदगोड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें-




