
Ramgarh : रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी के निकट बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई. रामगढ़-बोकारो राजमार्ग संख्या-23 पर सुबह आठ बजे धनबाद से रांची की ओर जा रही एक यात्री बस के सामने से तेज रफ्तार कार जा टकराई. टक्कर के बाद कार में आग लग गई. इसमें सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला. कार सवार पांच लोग जिंदा जल गए. वहीं बस पर सवार लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई.
इसे भी पढ़ें : पाकिस्तान के आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, दिल्ली, महाराष्ट्र और UP से 6 आतंकी गिरफ्तार
बस और कार में सीधी टक्कर
पुलिस के मुताबिक एक वैगनआर कार BR 01 BD 6318 रामगढ़ से बोकारो की ओर जा रही थी. सुबह आठ बजे के करीब रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी पनशाला पुल के पास बस और कार की सीधी टक्कर हो गई. हादसे के बाद कार में आग लग गई और पांच लोग जलकर राख हो गए.
प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो टक्कर के बाद तुरंत आग लग गई. इस घटना की जानकारी तत्काल रजरप्पा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई. लेकिन जबतक रजरप्पा पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंचती इससे पहले ही पूरी बस जल चुकी थी.

कार में फंसे पांच लोग जिंदा जले
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद कार का का दरवाजा नहीं खुल पाया. जिसकी वजह से कार में फंसे पांच लोग जिंदा जल गए. वहीं महाराजा बस में सवार लगभग 20 यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं. इस संबंध में रजरप्पा थाना प्रभारी से पूछने पर उन्होंने बताया कि कार में आग इतनी भीषण लग गई कि फंसे लोग बाहर नहीं निकल पाए. जब तक मौके पर फायर बिग्रेड की टीम पहुंची और आग पर काबू पाया गया तब तक सभी लोग कंकाल बन गए. दुर्घटना में क्या नुकसान हुआ है इसके बारे में अभी नहीं बताया जा सकता है.

वहीं दुर्घटना के बाद रामगढ़ बोकारो हाईवे को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है.दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई है. वहीं स्थानीय लोगों की भारी भीड़ लगी हुई है. पुलिस अधिकारी से पूछने पर बताया कि मौत का आंकड़ा अभी वह नहीं बता सकते हैं.




