
Ranchi: छठ पर्व शुरू हो गया है लेकिन अब तक मनरेगा कर्मियों को मानदेय का भुगतान नहीं किया जा सका है. मानदेय नहीं मिलने से पूरे राज्यभर में कार्यरत 5000 मनरेगा कर्मियों के हाथ खाली हैं, उन्हें काफी परेशानी हो रही है. हालांकि, मनरेगा कर्मचारी संघ के आंदोलन करने की चेतावनी के बाद मनरेगा आयुक्त झारखंड मृत्यूजंय कुमार बर्णवाल ने सभी जिलों को पत्र लिखा था और कहा था कि कई माध्यमों से यह शिकायत मिल रही है कि मनरेगा कर्मचारियों को मानदेय का भुगतान नहीं हो रहा है, जो काफी चिंताजनक है. मनरेगा आयुक्त ने प्राथमिकता के आधार पर अविलंब बकाया मानदेय भुगतान करने का भी निर्देश जिले के अधिकारियों को दिया है. लेकिन, अब भी हजारों मनरेगा कर्मियों का मानदेय आठ-दस माह से बकाया है. इधर,शनिवार-रविवार बैंक बंद है, इसके बाद छठ की भी छुट्टी है ऐसे में तत्काल मानदेय मिलना मुश्किल लग रहा है. मनरेगा कर्मचारी संघ के अधिकारियों का कहना है कि मानदेय नहीं मिलने की स्थिति में सभी मनरेगा कर्मचारी आंदोलन को विवश होंगे और हर स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जायेगा.




