
Washington : अमेरिका के नव-निर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि वह पद संभालने के ‘तत्काल’ बाद ट्रंप प्रशासन की नीतियों को पटलते हुए एक आव्रजन कानून लेकर आएंगे. बाइडन 20 जनवरी को अमेरिका के राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे. उन्होंने डेलावेयर के विलमिंगटन में पत्रकारों से कहा, ‘मैं तत्काल आव्रजन कानून लेकर आऊंगा. इन्हें विचार-विमर्श के लिये उचित समितियों को भेजा गया है.’’ बाइडन से पूछा गया था कि वह 20 जनवरी को पदभार संभालने के बाद सबसे पहले क्या काम करेंगे, जिसके जवाब में उन्होंने यह बात कही.
इसे भी पढ़ेंः 15 वर्ष पहले शुरू हुए टी20 की तरह क्रिकेट में क्रांति ला सकता है टी10 : ड्वेन ब्रावो
इससे पहले भी बाइडन ने वादा किया था कि वह पद संभालने के बाद 100 दिन के अंदर आव्रजन संबंधी प्रणाली में सुधार करेंगे. ट्रंप की आव्रजन नीतियों को पलटना बाइडन के मुख्य चुनावी वादों में से एक है. ट्रंप प्रशासन शुरू से ही सीमित आव्रजन पर काम करता रहा है.
ट्रंप ने राष्ट्रपति बनते ही सात मुस्लिम-बहुल देशों पर यात्रा प्रतिबंध लगा दिया था. ट्रंप के कार्यकाल के अंत में भी ऐसा ही चलता रहा और व्हाइट हाउस ने कोरोना वायरस महामारी को ढाल बनाकर आव्रजन पर पाबंदी लगाने की बात कही थी. बाइडन ने कहा कि वह पर्यावरण के मु्द्दों पर ट्रंप प्रशासन के आदेशों की भी समीक्षा करेंगे.
इसे भी पढ़ेंः कोरोना वैक्सीन पर 11 जनवरी को राज्यों के मुख्यमंत्रियों से पीएम मोदी करेंगे बात




