JharkhandKhuntiSports

खूंटी के टकरा में हॉकी स्टेडियम बनेगा, हॉकी और आर्चरी एकेडमी होगी शुरू : अर्जुन मुंडा

  • मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की 118 वीं जयंती पर उनके पैतृक गांव टकरा में भव्य समारोह
  • विभिन्न विकास योजनाओं का किया गया शिलान्यास व उद्घाटन

Khunti: मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की 118 वीं जयंती पर उनके पैतृक गांव टकरा में जिला प्रशासन ने भव्य समारोह का आयोजन किया. समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि मंत्री अर्जुन मुंडा, जनजातीय कार्य मामले, भारत सरकार ने गांव के बीच स्थित स्व जयपाल सिंह जी के समाधि स्थल पर माल्यार्पण कर व श्रद्धा सुमन अर्पित कर किया.

मौके पर सामुदायिक पुस्तकालय व मिनी जिम का उद्घाटन जयपाल सिंह मुंडा की आदमकद प्रतिमा का अधिष्ठापन, छह सड़क निर्माण पाहन टोला में पेयजलापूर्ति, हाईमास्ट अधिष्ठापन योजना का शिलान्यास किया गया. स्व जयपाल सिंह मुडा की जीवनी पर आधारित कॉफी टेबल का अनावरण एवं स्कूली बच्चियों के बीच स्वास्थ्य किट का वितरण किया गया.

इस अवसर पर मुख्य अतिथि अर्जुन मुंडा ने कहा कि मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एक महान विभूति थे. टकरा गांव में जन्मे स्व. जयपाल सिंह मुंडा ने अंतराष्ट्रीय  स्तर पर अमिट छाप छोड़ी और सम्पूर्ण आदिवासियों का नेतृत्व किया.

उन्होंने कहा कि जयपाल सिंह पहले नेता हुए जिन्होंने झारखंड अलग राज्य की परिकल्पना की. उन्होंने ही झारखंडी की संस्कृति, अस्मिता एवं पहचान को राजनीतिक धरातल पर उतारने का काम किया.

माननीय केंद्रीय मंत्री ने कहा कि टकरा ग्राम को राष्ट्रीय स्तर पर आकर्षण का केंद्र के रुप मे विकसित करने की योजना है. उन्होंने ग्रामीण युवाओं को खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभाओं को निखारने की बात कही.

मंत्री ने घोषणा की कि टकरा ग्राम में हॉकी स्टेडियम का निर्माण कराया जायेगा. यहां हॉकी अथवा आर्चेरी एकाडमी की स्थापना की जायेगी.

इसे भी पढ़ें – Good News: राजधानी एक्सप्रेस बनी ऑपरेशन थियेटर, बोगी में गूंजी नन्हीं परी की किलकारी

Related Articles

Back to top button