
New Delhi: अयोध्या में कुमारगंज के पिठला गांव से हिमाचल के कुल्लू मनाली मजदूरी करने गए एक ही परिवार के 11 लोग लापता हो गए हैं. सभी के मोबाइल पर कॉल भी नहीं मिल रही है. अनहोनी की आशंका से घबराए परिजनों ने कुमारगंज पुलिस को मामले की जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की है. परिवारीजनों को आशंका है कि हिमाचल प्रदेश के व्यास नदी में आई बाढ़ एवं भूस्खलन के चलते बस सहित सब लापता हो गए हैं.
पिठला गांव निवासी अब्दुल मजीद (62) अपने दामाद रहबर व पूरे परिवार सहित कुल्लू मनाली में रहकर मजदूरी करता है. जून माह में अब्दुल मजीद परिवार के साथ अपने गांव पिठला आया था.अब्दुल परिवार के साथ 9 जुलाई को चंडीगढ़ बस अड्डे से 2:40 बजे रोडवेज की बस से कुल्लू मनाली के लिए निकला था. मनाली में मौजूद मजीद का दामाद रहबर अपने साले ससुर और साली के मोबाइल पर बराबर संपर्क में था. रहबर ने मजीद के परिवारीजनों को बताया कि हमारी साली करीना से कई बार बात हुई थी और उसने बताया था कि 9/10 जुलाई की रात 12 बजे तक हम लोग मनाली बस अड्डा पहुंच जाएंगे, वहीं पर मिलना.
मोबाइल पर हुई वार्ता के क्रम में रहबर मनाली बस अड्डे पर अपने ससुराली जनों का इंतजार करता रहा किंतु वह बस अड्डे तक नहीं पहुंचे. इसके बाद रात्रि 3 बजे के लगभग उसने अपने ससुर के साथ मौजूद उनके बेटों एवं अन्य लोगों के पास मौजूद पांच मोबाइल फोन नंबरों पर संपर्क साधा, लेकिन सब बंद मिले.
इसके बाद रहबर की बेचैनी बढ़ी और वह मनाली से गाड़ी लेकर खोज में निकल पड़ा. जहां मंडी थाने से आगे उसे पुलिसकर्मियों ने रोक दिया. तब उसने आगे जाकर आसपास लोगों से पूछताछ की. लोगों ने बताया कि रात में व्यास नदी में बाढ़ आ गई थी और बाढ़ के पानी के चलते सड़क बह गई. सड़क पर खड़ी कई बसें और छोटे वाहन भी पानी के बहाव में बह गए हैं. इसके बाद वह सीधे मंडी थाने पहुंचा और हिमाचल प्रदेश पुलिस को सूचना दी.




