
Ranchi : शिक्षक मंगलवार को झारखंड मंत्रालय के प्रोजेक्ट भवन का घेराव कर रहे हैं. जानकारी के अनुसार ये शिक्षक इतिहास और नागरिकशास्त्र विषय के हैं. इनकी नियुक्ति राज्य के विभिन्न हाईस्कूलों में होनी है. सैकड़ों की संख्या में आये ये शिक्षक मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी बात रखना चाहते हैं.
इसी समूह के एक शिक्षक अजय सिंह ने बताया कि जेएसएससी की ओर से हमारी नियुक्ति की अनुशंसा की जानी है लेकिन डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के बाद भी नियुक्ति नहीं की जा रही है. बताते चलें कि पूर्व की नियोजन नीति को रद्द किए जाने और नियुक्ति को लेकर स्प्ष्ट दिशा निर्देश नहीं दिए जाने की वजह से इनकी नियुक्ति नहीं हो पायी है.
इसे भी पढ़ें :राज्य में Online शिक्षा की डगर नहीं आसान, 85 फीसदी बच्चों की पढ़ाई हुई चौपट
शिक्षा मंत्री जगन्नाथ महतो से भी लगाई थी न्याय की गुहार
जानकारी हो कि इससे पहले हाईस्कूल शिक्षक नियुक्ति 2016 इतिहास, नागरिक विषय के सैकड़ों अभ्यर्थी शिक्षा मंत्री जगन्नाथ महतो के पास सोमवार को न्याय की आस में पहुंचे थे. इनमें राज्य के गैर-आरक्षित जिले के अभ्यर्थी शामिल हैं. इनमें पलामू, गढ़वा, चतरा, हजारीबाग, गोड्डा, गिरिडीह, कोडरमा, धनबाद, बोकारो और रामगढ़ के अभ्यर्थी सरकार से अपील कर रहे हैं.
मंत्री से सकारात्मक परिणाम की आस में उन्होंने उनके डोरंडा स्थित आवास का घेराव भी किया. घेराव कार्यक्रम में शामिल अभ्यर्थियों का कहना है हाईस्कूल शिक्षक नियुक्ति 2016 के मामले में सरकार जल्द से जल्द फैसला ले.
इसे भी पढ़ें :सीएम अवास के बाहर एएनएम-जीएनएम का घेराव, एक की तबीयत बिगड़ी, हड़ताल पर जाने की दी चेतावनी
5 परसेंट पर फंसा है पेंच
घेराव कार्यक्रम में शामिल अभ्यर्थियों का कहना है कि कई अन्य सब्जेक्ट के कैंडिडेट की बहाली हो चुकी है. अभी लगभग 5 परसेंट ही बचे हुए हैं जिनका सेलेक्शन नहीं हो पाया है. सब कुछ क्लियर है. इस मसले पर हाईकोर्ट का भी स्पष्ट आदेश है लेकिन फिर भी पूर्व की सरकार में नियुक्ति नहीं हो पाई थी. इन्होंने हेमंत सोरेन सरकार से मांग है कि हमारी नियुक्ति जल्द से जल्द की जाए.
पिछले 2 वर्षों से सैकड़ों अभ्यर्थी बेहतर भविष्य की आस में इधर से उधर भटक ही रहे हैं. कई लोगों के पास मिलकर फरियाद रखी लेकिन अभी तक नियुक्ति नहीं हो पाई है. इससे उन्हें काफी परेशानी हो रही है. मानसिक, आर्थिक रूप से भी नुकसान हो रहा है.
इसे भी पढ़ें :BIG NEWS : हथियारबंद लोगों ने काबुल से उड़ान भरने के बाद यूक्रेन का प्लेन किया हाईजैक
कुछ उठाने लगे पगार, कई अब भी बेरोजगार
अभ्यर्थी नीरज राय के मुताबिक शिक्षा मंत्री जगन्नाथ महतो से हमारे प्रतिनिधि मिलने की कोशिश में हैं. अब क्या फैसला आएगा, यह देखने वाली बात होगी. हमारे ही बीच के कई सहयोगियों की पूर्व में नियुक्ति हो चुकी है और वे सैलरी पा रहे हैं. वहीं सरकारी लापरवाही से कई कैंडिडेट अब भी बेरोजगार होकर दर-दर भटक रहे हैं. शिक्षा मंत्री से गुजारिश है कि उन सबों के दर्द को महसूस करते हुए उनकी नियुक्ति संबंधी फ़ाइल को आगे बढ़ाएं और हमें नियुक्ति दें.
इसे भी पढ़ें :BMC चुनाव: सोनू सूद और रितेश देशमुख को मेयर कैंडिडेट बनाने का कांग्रेस का गेम प्लान




