
Ranchi: गैरमजरूआ जमीन खरीद बिक्री मामले की जांच कराने का आग्रह करने वाले शिव शंकर शर्मा की जनहित याचिका की सुनवाई मंगलवार को झारखंड हाईकोर्ट में हुई. हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस संजय कुमार मिश्र की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने मामले में रेवेन्यू सेक्रेटरी को प्रतिशपथ पत्र दाखिल करने का निर्देश दिया. कोर्ट ने निर्देश दिया कि अगर सेक्रेटरी की ओर से प्रतिशपथ दाखिल नहीं होता है तो अगली सुनवाई में डिप्टी रजिस्ट्रार, रांची वैभव मणि त्रिपाठी को कोर्ट में सशरीर उपस्थित होना होगा. राज्य सरकार की ओर से अधिवक्ता पीयूष चित्रेश ने पैरवी की.
इसे भी पढ़ें: चेशायर होम रोड जमीन फर्जीवाड़ा मामले में गिरफ्तार राजेश राय और भरत प्रसाद भेजे गए जेल, रिमांड पर ईडी कोर्ट में सुनवाई कल
कोर्ट ने मामले में प्रतिवादियों को 4 सप्ताह में प्रतिशपथ पत्र दाखिल करने का निर्देश दिया है. वही प्रतिशपथ दाखिल होने की 1 सप्ताह में प्रार्थी को इसका प्रत्युत्तर देने का निर्देश दिया है. सुनवाई के दौरान प्रार्थी के अधिवक्ता राजीव कुमार ने कोर्ट से कहा कि मामले में वैभव मणि त्रिपाठी की ओर से शपथ पत्र दायर करना अनुचित है, क्योंकि वे हजारीबाग के जमीन घोटाला मामले में फंसे हैं. वैभव मणि त्रिपाठी की ओर से दायर शपथ पत्र में कहा गया है कि गैरमजरूआ जमीन खरीद बिक्री में मामले में किसी तरह की कोई गड़बड़ी नहीं हुई है. नियम के अनुकूल कार्य हुए हैं, कोर्ट ने मामले की सुनवाई 22 अगस्त निर्धारित की.




